यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 14, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
AAP के बागी कपिल मिश्रा ने दिल्ली के डॉक्टरों से जताया जान का खतरा
रात करीब साढ़े 11 बजे कपिल मिश्रा की जांच हुई और उन्हें फिट करार दिया गया। इसके बाद रात 12 बजे पुलिस दो सुरक्षाकर्मियों को छोड़ कर लौट गई।

नई दिल्ली (जेएनएन)। अपने ही राजनीतिक 'गुरु' व आम आदमी पार्टी सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल के खिलाफ धरने पर बैठे बागी कपिल मिश्रा की भूख हड़ताल का रविवार को पांचवां दिन है। इस बीच कपिल मिश्रा ने दिल्ली सरकार के डॉक्टरों पर गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने दिल्ली के डॉक्टरों से खुद की जान का खतरा बताया है।
अनशन पर बैठे दिल्ली सरकार के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा का शनिवार की देर रात मेडिकल टेस्ट हुआ था। जांच नहीं कराने पर अड़े मिश्रा ने दिल्ली सरकार के डाॅक्टरों से जान का खतरा समेत कई आरोप लगाए थे।
यह भी पढ़ेंः कपिल आज फिर करेंगे बड़ा धमाका, केजरीवाल से कहा- तलाश लो नया बहाना
इसको लेकर देर रात तकरीबन ढाई घंटे तक मनाने का ड्रामा चलता रहा। हालांकि, काफी मशक्कत के बाद रात साढ़े 11 बजे केंद्रीय डॉक्टरों ने कपिल मिश्रा के स्वास्थ्य की जांच की। जांच रिपोर्ट में कपिल का शुगर और ब्लड प्रेशर सामान्य रहा।
गौरतलब है को रात को तकरीबन साढ़े नौ बजे दिल्ली सरकार के डॉक्टरों की टीम मिश्रा की जांच के लिए पहुंची थी, लेकिन उन्होंने यह आरोप लगाते हुए जांच से मना कर दिया कि ये डॉक्टर स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन से मिले हुए हैं।
कपिल ने कहा- उनका अनशन तुड़वाना चाहते हैं सत्येंद्र जैन
इतना ही नहीं, कपिल ने कहा कि गलत रिपोर्ट बना कर अनशन तोड़वाना अौर मुझे जान से मरवाना चाहते हैं, ताकि मैं 11 बजे पूर्व निर्धारित खुलासा नहीं कर सकूं। यह केजरीवाल सरकार की साजिश है। काफी प्रयास के बाद मिश्रा नहीं माने तो डॉक्टरों ने पुलिस को बुला लिया।
कपिल की हालत को बताया चिंताजनक
वहीं, अरुणा आसफ अली अस्पताल के डॉक्टर बिजेंद्र ने कहा कि कपिल की मेडिकल हालत चिंताजनक है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत है। इसके बाद पुलिस टीम एबुलेंस के साथ पहुंची, लेकिन कपिल नहीं माने।
खुद को कमरे में कर लिया बंद
पुलिस ने जबरदस्ती अस्पताल ले जाने का अल्टीमेटम दिया तो कपिल ने खुद को मेडिटेशन का हवाला देकर कमरे में बंद कर लिया। वहां से वे ट्वीट करते रहे। काफी जद्दोजहद के बाद कपिल केंद्र के अधीन आने वाले राम मनोहर लोहिया अस्पताल के डॉक्टरों से जांच के लिए तैयार हुए।
वहं, करीब साढ़े 11 बजे कपिल मिश्रा की जांच हुई और उन्हें फिट करार दिया गया। इसके बाद रात 12 बजे पुलिस दो सुरक्षाकर्मियों को छोड़ कर लौट गई।
यहां पर बता दें कि आम आदमी पार्टी के कुछ नेताओं की विदेश यात्राओं का ब्योरा सार्वजनिक किए जाने की मांग को लेकर कपिल मिश्रा पिछला चार दिनों अनशन पर हैं, आज अनशन का पांचवां दिन है।