यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
कपिल मिश्रा का अनशन खत्म, डिस्चार्ज होते ही केजरीवाल पर किया 'वार'
कपिल ने कहा कि उन्हें सीबीआइ के सामने AAP द्वारा चंदों में की गई गड़बड़ी के सबूत रखने हैं और ...और पढ़ें

नई दिल्ली [जेएनएन]। छह दिनों से 'सत्याग्रह' कर रहे आम आदमी पार्टी के बागी नेता कपिल मिश्रा ने अनशन खत्म कर दिया है। अनशन खत्म करने के बाद कपिल को राम मनोहर लोहिया अस्पताल से डिस्चार्च कर दिया गया है। कपिल ने ट्वीट कर कहा कि वो केजरीवाल के खिलाफ मंगलवार को हवाला, कानेधन, मनी लॉन्ड्रिंग, फर्जी कंपनियों द्वारा लेनदेन से जुड़े सारे सबूत सौंपने के लिए CBI व CBDT दफ्तर जाएंगे।
Tmrw case of Hawala, Black Money, Money Laundering & Operating thru shell companies will be filed in CBI & CBDT against Arvind Kejriwal Ji
— Kapil Mishra (@KapilMishraAAP) May 15, 2017
कपिल ने कहा कि उनके पास दिल्ली सरकार के महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट मोहल्ला क्लीनिक से जुड़े कई दस्तावेज आए हैं। जिसको लेकर बुधवार को 11 बजे उपराज्यपाल अनिल बैजल से मिलेंगे और उसके बाद एसीबी में जाकर मोहल्ला क्लीनिक के घोटालों को लेकर मामला दर्ज कराएंगे।
कपिल ने फिर दोहराया कि वो केजरीवाल जेल भिजवाकर ही दम लेंगे। इसके साथ ही उन्होंने अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवल द्वारा की गई टिप्पणी व आरोपों को लेकर कहा कि उनके संस्कार ऐसे हैं कि वह उनके खिलाफ कुछ नहीं बोल सकते।
इससे पहले आम आदमी पार्टी की फंडिंग में गड़बड़ी के आरोप लगाने वाले कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि डॉक्टर उन्हें अस्पताल से तबतक डिस्चार्ज नहीं करेंगे जब तक वह कुछ तरल लेना स्वीकार नहीं करते हैं।कपिल ने कहा कि उन्हें सीबीआइ के सामने आम आदमी पार्टी द्वारा चंदों में की गई गड़बड़ी के सबूत रखने हैं और वो डॉक्टरों की बात मानते हुए तरल पदार्थ लेना शुरू कर रहे हैं।
Doctors won't discharge until i start taking liquids. I hv to go to CBI and CBDT. starting on liquids now
— Kapil Mishra (@KapilMishraAAP) May 15, 2017
बता दें कि कपिल ने रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में 'आप' पर फंडिंग में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। इसके बाद वो बेहोश होकर गिर गए थे। कपिल को बेहोशी की हालत में राम मनोहर लोहिया अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। जहां डॉक्टरों की जांच में यह सामने आया था कि कपिल निर्जलीकरण के प्रभाव की वजह से बेहोश हुए थे।
'आप' पर हमलावर हुए कपिल ने सोमवार को ट्वीट कर कहा था कि 'हॉस्पिटल से जब भी डिस्चार्ज किया जाऊंगा, लिखित शिकायत बनाकर हवाला, कालेधन और मनी लॉन्ड्रिंग मामलों में CBI और CBDT में FIR करवाऊंगा।'
हॉस्पिटल से जब भी डिस्चार्ज किया जाऊंगा, लिखित शिकायत बनाकर हवाला, काले धन और मनी लॉन्ड्रिंग मामलो में CBI और CBDT में FIR करवाऊंगा
— Kapil Mishra (@KapilMishraAAP) May 15, 2017
गौरतलब है कि 'आप' नेताओं के विदेशी दौरों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग को लेकर मिश्रा अनशन पर बैठे थे। रविवार को कपिल मिश्रा ने आम आदमी पार्टी की फंडिंग में गड़बड़ी के आरोप लगाए थे। उन्होंने दावा किया था कि फर्जी कंपनियों के जरिए केजरीवाल ने करोड़ों रुपए कालाधन चंदे के तौर पर लिया। फिर एक बैंक के साथ मिलकर इसे सफेद किया। पार्टी की ओर से चुनाव आयोग और इनकम टैक्स डिपार्टमेंट को चंदे की गलत जानकारियां दी गई। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कपिल ने कहा कि 'केजरीवाल भ्रष्ट हैं। कसम खाकर कहता हूं, कॉलर पकड़कर, घसीटकर तिहाड़ जेल ले जाऊंगा।'
यह भी पढ़ें: कपिल के खुलासे में LG हाउस का बड़ा रोल, सत्येंद्र जैन की साजिश हुई नाकाम
यह है मामला
आम आदमी पार्टी ने 6 मई को कपिल मिश्रा को मंत्री पद से हटा दिया था। जिसके बाद करावल नगर से विधायक कपिल मिश्रा ने केजरीवाल पर सत्येंद्र जैन के हाथों दो करोड़ रुपए लेने का आरोप लगाया था। उन्होंने केजरीवाल पर अपने रिश्तेदार के लिए 50 करेाड़ की लैंड डील का आरोप भी लगाया था।
केजरीवाल ने कपिल को पार्टी से 8 मई को सस्पेंड कर दिया था। इस कार्रवाई के बाद कपिल 10 मई से अनशन पर बैठ गए। कपिल 'आप' के पांच विधायकों के विदेशी दौरों का ब्योरा देने की मांग को लेकर अपने सरकारी बंगले पर अनशन पर बैठे थे। कपिल जिन पांच आप नेताओं के विदेशी दौरों की जानकारी मांग रहे हैं, उनमें संजय सिंह, राघव चड्ढा, आशीष खेतान, सत्येंद्र जैन और दुर्गेश पाठक शामिल हैं।