यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 18, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बदला दिल्ली के अफसरों का व्यवहार, राजनिवास से चल रही AAP सरकार!
दिल्ली सरकार के लिए गए निर्णयों की फाइलें राजनिवास पहुंचा रहे हैं ताकि उन पर कोई आरोप न लगे।

नई दिल्ली (जेएनएन)। गुटबाजी के साथ विपक्षी दलों के वार झेल रही आम आदमी पार्टी (AAP) इन दिनों क्या राजनिवास से चल रही है? दिल्ली सरकार के अधिकारियों का हाव-भाव और व्यवहार इसी बात की तस्दीक कर रहा है कि इन दिनों दिल्ली सरकार LG हाउस से ही चल रही है।
इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि अधिकारी दिल्ली सरकार के किसी भी फैसले की फाइलें आगे बढ़ाने से पहले उसे LG हाउस भेज रहे हैं। वहीं, यह बात भी सामने आ रही है कि अफसरों के इस बदलाव को लेकर सरकार फिलहाल चुप है।
यह भी पढ़ेंः केजरीवाल को राहत-कपिल को झटका, प्रकट हुआ 2 करोड़ का चंदा देने वाला
शुंगलू कमेटी का असर तो नहीं
दिल्ली सरकार के अधिकारियों के इस व्यवहार के पीछे शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट को माना जा रहा है।इतना ही नहीं, उपराज्यपाल अनिल बैजल भी इन दिनों लगातार दिल्ली के अधिकारियों के साथ बैठक कर आदेश-निर्देश जारी कर रहे हैं।
कहा जा रहा है कि शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट के चलते दिल्ली सरकार के अफसर राजनिवास के साथ तालमेल बनाए हुए हैं। इसके पीछे यह भी कहा जा रहा है कि सरकार-LG में चल रही आपसी खींचतान के चलते दिल्ली सचिवालय के मंत्रियों के कक्ष में कोई बड़ा निर्णय नहीं हो पा रहा है।
यह भी पढ़ेंः जेठमलानी ने जेटली को कहा था 'CROOK', अपमान के खिलाफ HC में याचिका
यह भी जानें
जानकारों की मानें तो दिल्ली के केंद्र शासित प्रदेश होने के चलते दिल्ली सरकार के ज्यादातर अधिकार राजनिवास के पास हैं। ऐसे में अधिकारी सतर्क हैं कि शुंगलू कमेटी की रिपोर्ट के चलते कहीं उन पर कोई कार्रवाई न हो जाए।
यही वजह है कि दिल्ली सरकार के लिए गए निर्णयों की फाइलें राजनिवास पहुंचा रहे हैं ताकि उन पर कोई आरोप न लगे। वहीं, दिल्ली सरकार के वरिष्ठ अधिकारी की मानें तो अफसरों का यह रुख किसी विवाद से बचने की ओर इशारा करता है।