यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'विधानसभा में कपिल के साथ हाथापाई करने वाले AAP विधायक हों बर्खास्त'
भाजपा नेताओं ने हाथापाई करने वाले आम आदमी पार्टी के चार विधायकों की सदस्यता खत्म करने की मांग की है।

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। दिल्ली विधानसभा के विशेष सत्र में पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा के साथ हाथापाई का मामला राजनिवास पहुंच गया है। भाजपा विधायकों ने शुक्रवार को उपराज्यपाल अनिल बैजल से मुलाकात कर उन्हें विधानसभा के विशेष सत्र में हुई घटना की जानकारी दी।
भाजपा नेताओं ने हाथापाई करने वाले आम आदमी पार्टी के चार विधायकों की सदस्यता खत्म करने की मांग की। उन्होंने विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल की भूमिका को पक्षपातपूर्ण बताते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई करने की मांग की।
नेता प्रतिपक्ष विजेंद्र गुप्ता ने उपराज्यपाल को बताया कि 31 मई को बुलाए गए विशेष सत्र में विधानसभा अध्यक्ष का व्यवहार अत्यंत अमर्यादित और प्रजातांत्रिक मूल्यों का हनन करने वाला था। सदन में जैसे ही कपिल मिश्रा ने मुख्यमंत्री और शहरी विकास मंत्री के विरूद्ध बैनर निकालकर लहराया तभी अध्यक्ष ने मार्शलों को आदेश दिया कि 'बाहर निकालो इसे'। किसी सदस्य के लिए इस तरह का संबोधन शिष्टाचार के खिलाफ है।
यह भी पढ़ें: CNG किट घोटाले पर घिर गई 'आप' सरकार, भाजपा ने की जांच की मांग
इसी दौरान 'आप' विधायक अमानतुल्ला खान, गोविंद ऋतु राज, जरनैल सिह तथा मदन लाल ने पूर्व मंत्री के साथ मारपीट शुरू कर दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा के नियमानुसार व परंपराओं के अनुरूप अध्यक्ष ने कपिल मिश्रा को उनके व्यवहार को लेकर कोई चेतावनी नहीं दी।
भाजपा विधायकों ने कहा कि जब मार्शलों को कपिल मिश्रा को बाहर करने के आदेश दे दिए गए थे, तब चारों विधायकों का उन पर हमला करना किसी भी दृष्टि से न्यायोचित नहीं था। विधानसभा के इतिहास में यह पहली बार हुआ कि किसी सदस्य के साथ इस प्रकार का दुर्व्यवहार किया गया हो।
सदन की गरिमा फिर से स्थापित करने के लिए यह आवश्यक है कि उक्त चारों सदस्यों की विधानसभा सदस्यता निरस्त की जाए। इसके साथ ही साथ अध्यक्ष के विरूद्ध न्यायोचित कार्रवाई होनी चाहिए। उपराज्यपाल से मिलने वाले भाजपा विधायकों में ओम प्रकाश शर्मा, मनजिंदर सिंह सिरसा तथा जगदीश प्रधान शामिल थे।