विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 30, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दवा ठेकेदारों का भुगतान रोकने पर अधिकारियों का कटे वेतन: केजरीवाल

By Amit MishraEdited By:
Published: Tue, 30 May 2017 10:04 PM (GMT+05:30)Updated: Tue, 30 May 2017 10:49 PM (GMT+05:30)

अरविंद केजरीवाल ने कहा कि देरी से भुगतान करने पर कोई शुल्क अदा करना होगा तो उसकी राशि जिम्मेदार अधिकारी के वेतन से काटी जानी चाहिए।

दवा ठेकेदारों का भुगतान रोकने पर अधिकारियों का कटे वेतन: केजरीवाल
दवा ठेकेदारों का भुगतान रोकने पर अधिकारियों का कटे वेतन: केजरीवाल

नई दिल्ली, राज्य ब्यूरो। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने दवा ठेकेदारों का भुगतान न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों का वेतन काटने का आदेश दिया है। उन्होंने मुख्य सचिव एमएम कुट्टी को पत्र लिखकर 24 घंटे के अंदर दवा ठेकेदारों का भुगतान करने का आदेश दिया।

केजरीवाल ने हाल ही में संजय गांधी अस्पताल का औचक निरीक्षण किया था। इसी दौरान दवाइयों की कमी की बात सामने आई थी। इस मामले में उन्होंने बुधवार दोपहर तक मुख्य सचिव को जवाब देने को कहा है। बिल भुगतान नहीं होने के कारण बताने को कहा गया है। भुगतान नहीं होने से सरकारी अस्पतालों में दवाइयों की कमी हो गई है, जिसका असर मरीजों पर पड़ रहा है।

शहर के सरकारी अस्पताल जिन समस्याओं से जूझ रहे हैं, केजरीवाल ने उनसे निपटने के लिए एक तंत्र विकसित करने की बात कही। इसके तहत कोई भी चूक होने पर अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया जाएगा। उन्होंने सोमवार तक समग्र योजना की मांग करते हुए लिखा कि यदि देरी से भुगतान करने पर कोई शुल्क अदा करना होगा तो उसकी राशि जिम्मेदार अधिकारी के वेतन से काटी जानी चाहिए।

यह भी पढ़ें: कपिल ने LG लिखा खत, बोले- सीएम बना रहे हैं दबाव, न हो ठेकेदारों का भुगतान

आदेश के बाद भी स्थायी चिकित्सा अधीक्षक की नियुक्ति नहीं

मुख्यमंत्री के आदेश बाद भी संजय गांधी अस्पताल में स्थायी चिकित्सा अधीक्षक की नियुक्ति नहीं हुई है। अतिरिक्त चिकित्सा अधीक्षक के खिलाफ कार्रवाई भी नहीं हुई है। औचक निरीक्षण में खामियां मिलने पर केजरीवाल ने कार्रवाई करने के लिए कहा था।

इस मामले में स्वास्थ्य सचिव द्वारा दी गई रिपोर्ट को उन्होंने लीपापोती करने वाली रिपोर्ट बताया था। इससे नाराज होकर तीन दिन पहले उन्होंने इस अस्पताल का दौरा कर मुख्य सचिव से रिपोर्ट मांगी थी। इसके लिए बुधवार दोपहर तक का समय दिया गया है। 

यह भी पढ़ें: कपिल की केजरीवाल को चुनौती- रामलीला मैदान में विशेष सत्र बुलाएं, है हिम्मत