विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 21, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

जाट आरक्षण आंदोलन की आंच में पानी के लिए तरसी दिल्ली

By Amit MishraEdited By:
Published: Sun, 21 Feb 2016 09:20 PM (IST)Updated: Sun, 21 Feb 2016 09:33 PM (IST)

हरियाणा में जाट आंदोलन के चलते तीन दिनों से मूनक नहर से पानी बंद है। इसके चलते दिल्ली में पानी ...और पढ़ें

News Article Hero Image

नई दिल्ली। हरियाणा में जाट आंदोलन के चलते तीन दिनों से मूनक नहर से पानी बंद है। इसके चलते दिल्ली में पानी की समस्या बढ़ गई है। रविवार को इसका असर अधिक देखा गया। दिल्ली सरकार ने हरियाणा व केंद्र सरकार से मूनक नहर के पास सेना तैनात कर जल्द पानी आपूर्ति शुरू कराने की मांग की है। हालांकि देर शाम तक हरियाणा से मूनक नहर में पानी नहीं छोड़ा जा सका था। ऐसे में सोमवार को भी स्थिति सामान्य होने की संभावना कम ही है। लिहाजा, सरकार ने सोमवार को स्कूलों में छुट्टी की घोषणा कर दी है। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने लोगों से संभलकर पानी का इस्तेमाल व बचत करने की अपील की है।

उल्लेखनीय है कि 19 फरवरी की शाम को आंदोलनकारियों ने मूनक नहर का गेट बंद कर दिया था। इस वजह से दिल्ली जल बोर्ड के नौ में से सात जल शोधन संयंत्र ठप हो गए है। इस कारण वीवीआइपी समेत दिल्ली के 60 फीसद से ज्यादा इलाकों में पानी आपूर्ति बंद हो गई है। क्योंकि संयंत्रो मे बिल्कुल पानी नहीं बचा है। रविवार सुबह 8.30 बजे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने अपने निवास पर जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ आपात बैठक की। इसके बाद बताया गया कि राष्ट्रपति भवन, प्रधानमंत्री, सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश, अस्पतालों, रक्षा प्रतिष्ठानों व दिल्ली फायर ब्रिगेड को छोड़ अन्य मंत्रियों, विभागों आदि में पानी आपूर्ति प्रभावित रहेगी। क्योंकि नई दिल्ली नगर पालिका परिषद (एनडीएमसी), उत्तरी दिल्ली, उत्तरी पश्चिमी दिल्ली, मध्य दिल्ली, पश्चिमी दिल्ली व दक्षिणी पश्चिमी दिल्ली में पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। इन इलाकों में लोग पानी के लिए परेशान रहे।

दक्षिणी दिल्ली के कालकाजी, ग्रेरटर कैलाश, नेहरू प्लेस आदि कई इलाकों में पानी की किल्लत रही। छुट्टी का दिन होने के बावजूद भी रविवार को जल बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी पूरे दिन व्यस्त रहे और पानी की किल्लत की शिकायत पर कई जगहो पर लोगों को टैंकर से पानी आपूर्ति की गई। अरविंद केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा, दिल्ली में पानी का संकट हो गया है। पानी की बचत कर बराबर वितरण जरूरी है। इसलिए सभी लोगों के बीच पानी का बराबर वितरण किया जा रहा है। इसमे मैं भी शामिल हूं। उन्होंने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर से बातचीत कर मूनक नहर के गेट के पास सेना तैनात करने की मांग की है। यदि मूनक नहर में हरियाणा से पानी जल्द छोड़ भी दिया जाता है तब भी संयंत्रो से आपूर्ति शुरू होने में 24 घंटे का समय लग जाएगा। इस तरह पानी की किल्लत अगले कुछ दिनों तक बरकरार रहेगी।

पानी साझा कर रहे हैं लोग
दिल्ली सरकार के जल मंत्री कपिल मिश्रा ने ट्वीट कर कहा, पेयजल संकट की इस घड़ी में दिल्ली के लोगों ने दिलवाला होने का परिचय दिया है। दोस्त, रिश्तेदार आपस में पानी साझा कर रहे हैं। जिन्होंने पानी भंडार करके रखा है वे उन लोगों को पानी उपलब्ध करा रहे हैं, जिनके पास पानी नहीं है। उन्होंने शाम में भी जल बोर्ड के अधिकारियों के साथ बैठक कर स्थिति की समीक्षा की।

ये सात संयंत्र हैं बंद
मूनक नहर बंद होने के कारण जल बोर्ड के हैदरपुर, नांगलोई, बवाना, द्वारका, ओखला, चंद्रावल व वजीराबाद जल शोधन संयंत्र बंद हो गए है। इसके चलते दिल्ली मे करीब 580 एमजीडी पानी की कमी हो गई है।

सिर्फ दो संयंत्र हैं चालू
जल बोर्ड के सोनिया विहार व भागीरथी संयंत्र को उत्तर प्रदेश के गंग नहर से पानी की आपूर्ति होती है। इसलिए सिर्फ ये दोनो संयंत्र ही चालू हैं। इस वजह से पूर्वी दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के लोगो को ज्यादा पेयजल की किल्लत नहीं झेलनी पड़ेगी। दक्षिणी दिल्ली के कुछ इलाकों में ही पेयजल समस्या रहेगी।

पानी के लिए यमुना पर निर्भर है दिल्ली
दिल्ली को यमुना, भाखड़ा नांगल बांध व उत्तर प्रदेश के गंग नहर से कुल करीब 820 एमजीडी पानी मिलता है। इसमें से भाखड़ा स्टोरेज का पानी भी यमुना के माध्यम से ही आता है। इस तरह दिल्ली वालों को करीब 65 फीसद पानी यमुना से ही मिलता है।

320 एमजीडी पानी में करना पड़ेगा गुजारा
सात संयंत्रो के बंद होने के बाद दिल्ली के पास लोगों की पेयजल की जरूरतें पूरा करने के लिए सिर्फ 320 एमजीडी पानी है। 240 एमजीडी उत्तर प्रदेश के गंग नहर से आता है, जिसे सोनिया विहार व भागीरथी जल शोधन संयंत्र मे शोधित कर पूर्वी दिल्ली व दक्षिणी दिल्ली के इलाकों में आपूर्ति किया जाता है। इसलिए यमुना पार व दक्षिणी दिल्ली में पेयजल संकट का खास असर नहीं है। इसके अलावा जल बोर्ड प्रतिदिन करीब 80 एमजीडी भूजल की आपूर्ति करता है। इस तरह स्थिति समान्य होने तक दिल्ली वालों को इतने पानी में ही काम चलाना पड़ेगा। जबकि प्रतिदिन करीब 1150 एमजीडी पानी की जरूरत पड़ती है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।