विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Nov 21, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

देश के इस अस्पताल में सिर्फ 399 रुपये में होता है घुटने का प्रत्यारोपण, पढ़ें खबर

By JP YadavEdited By:
Published: Tue, 21 Nov 2017 01:28 PM (IST)Updated: Wed, 22 Nov 2017 07:14 AM (IST)

निजी अस्पताल में दोनों घुटने का साढ़े चार लाख मांग रहे थे। यहां एक घुटने का सिर्फ 399 रुपये देना पड़ा।

देश के इस अस्पताल में सिर्फ 399 रुपये में होता है घुटने का प्रत्यारोपण, पढ़ें खबर
देश के इस अस्पताल में सिर्फ 399 रुपये में होता है घुटने का प्रत्यारोपण, पढ़ें खबर

नोएडा (जेएनएन)। अगर आप पैसों की किल्लत के चलते घुटने और कूल्हे का आपरेशन नहीं करा पा रहे हैं तो अब मायूस होने की जरूरत नहीं है। नोएडा सेक्टर-30 स्थित जिला अस्पताल के डॉक्टर ने 58 वर्षीय एक मरीज के दाहिने घुटने का सिर्फ 399 रुपये में सफल प्रत्यारोपण करने का गौरव हासिल किया है। निजी अस्पताल मरीज के दोनों घुटने का ऑपरेशन करने के लिए साढ़े चार लाख रुपये का खर्च बता रहे थे।

करीब डेढ़ माह पहले जिला अस्पताल के आर्थोपेडिक सर्जन डॉ. ब्रजेश सिंह ने यह आपरेशन किया था। अब मरीज पूरी तरह चलने-फिरने व पैर मोड़कर बैठने में सक्षम है।

गाजियाबाद में मोदीनगर के रहने वाले हाजी इस्लामुद्दीन को करीब 10 साल से घुटने की बीमारी थी। वह चलने फिरने में असमर्थ हो गए थे। पिछले कई साल से वह इलाज के लिए दर-दर भटक रहे थे। इस्लामुद्दीन कई बड़े निजी अस्पतालों में गए, जहां दोनों घुटने बदलने के लिए साढ़े चार लाख रुपये का खर्च बताया गया।

उनके पास इतने पैसे नहीं थे, इसलिए दिल्ली के अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) का रुख किया, लेकिन यहां पता चला कि ऑपरेशन का नंबर कई साल बाद आएगा। बाद में नोएडा के जिला अस्पताल में डॉ. ब्रजेश से संपर्क साधा। डॉ. ब्रजेश ने पहले एक घुटना बदलवाने की सलाह दी।

एक घंटे में ऑपरेशन दो दिन में छुट्टी

जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. अजेय अग्रवाल ने बताया कि मरीज के ऑपरेशन में एक घंटे का वक्त लगा। दूसरे दिन उसे अस्पताल से छुट्टी भी दे दी गई। डेढ़ माह तक मरीज को फॉलो किया गया। अब वह ठीक है। डॉ. ब्रजेश इससे पहले एक मरीज के कूल्हे का भी सफल ऑपरेशन कर चुके हैं।

मरीज हाजी इस्लामुद्दीन ने कहा कि निजी अस्पताल में दोनों घुटने का साढ़े चार लाख मांग रहे थे। यहां एक घुटने का सिर्फ 399 रुपये देना पड़ा।

कृत्रिम घुटना बाहर से 90 हजार का खरीदा था। अब मुझे दोनों पैरे से चलने-बैठने में कोई दिक्कत नहीं है। डॉ. ब्रजेश सिंह ने कहा कि मरीज के घुटने की ग्रीस खत्म हो चुकी थी।