यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 01, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
निजामुद्दीन से 5 अप्रैल से चलेगी गतिमान एक्सप्रेस
संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली दिल्ली से ताजनगरी आगरा के बीच चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस (12049/12050)

संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली
दिल्ली से ताजनगरी आगरा के बीच चलने वाली गतिमान एक्सप्रेस (12049/12050) अगले सप्ताह से चलने लगेगी। लेकिन यह ट्रेन नई दिल्ली स्टेशन से नहीं हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से आगरा कैंट के बीच चलेगी। 5 अप्रैल को सुबह दस बजे रेल मंत्री सुरेश प्रभु रेल भवन से रिमोट कंट्रोल द्वारा इसे रवाना करेंगे। अधिकारियों के अनुसार गतिमान एक्सप्रेस के साथ ही हजरत निजामुद्दीन स्टेशन की नई इमारत का भी उद्घाटन होगा।
अधिकारियों ने बताया कि यह हाई स्पीड ट्रेन रेल बजट में घोषित तेजस श्रेणी की पहली ट्रेन होगी। इसकी अधिकतम रफ्तार 160 किलोमीटर प्रति घंटा होगी और यह 100 मिनट में आगरा कैंट पहुंच जाएगी। इसके लिए विशेष कोच तैयार किए गए हैं जिसमें यात्रियों के आरामदायक सफर का ख्याल रखा गया है। 12 कोच वाली इस ट्रेन में कम झटके महसूस होंगे तथा वाई-फाई भी उपलब्ध होगी। यात्री अपने स्मार्ट मोबाइल पर गाने भी डाउन लोड कर सकेंगे। यात्रा के दौरान यात्री जायकेदार व्यंजन का भी लुत्फ उठा सकेंगे। कोच को सुगंधित रखने की व्यवस्था है तथा इसका फर्श इस तरह से बनाया गया है कि इससे कोई यात्री फिसलकर गिरे नहीं। ट्रेन में जैविक शौचालय होगा।
सप्ताह में छह दिन चलेगी यह ट्रेन
गतिमान एक्सप्रेस सप्ताह में छह दिन चलेगी। शुक्रवार को यह नहीं चलेगी। हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से 12050 नंबर की ट्रेन सुबह 8.10 बजे रवाना होगी और सुबह 9.50 बजे आगरा कैंट पहुंचेगी। रास्ते में कहीं ठहराव नहीं होगा। वहीं, वापसी में 12049 नंबर की ट्रेन आगरा कैंट से सायं 5.50 बजे रवाना होकर सायं 7.30 बजे हजरत निजामुद्दीन पहुंचेगी।
सुरक्षा को लेकर उठ रहे हैं सवाल
रेलवे सुरक्षा आयुक्त ने ट्रेन के सुरक्षित परिचालन के लिए ट्रैक के दोनों तरफ फेंसिंग कराने की हिदायत दी है। अधिकारियों का दावा है कि संवेदनशील इलाकों में फेंसिंग कार्य पूरा करा लिया गया है और गतिमान को चलाया जा सकता है। वहीं इस रूट पर 25 ऐसे स्थानों की पहचान की गई थी जहां ट्रेन की रफ्तार 110 किलोमीटर से ज्यादा नहीं हो सकती थी। 22 मार्च को ट्रेन के अंतिम ट्रायल रन में आगरा के नजदीक दो लड़के इसकी चपेट में आ गए थे। अधिकारियों का दावा है कि इन परेशानियों को दूर कर लिया गया है।
अभी सबसे तेज चलती है भोपाल शताब्दी
इस समय देश में सबसे तेज ट्रेन भोपाल शताब्दी एक्सप्रेस इसी रेलखंड पर चलती है। इसे नई दिल्ली से आगरा कैंट पहुंचने में 117 मिनट तथा वापसी में 122 मिनट का समय लगता है।
