Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एबीवीपी के लिए मैदान में उतरीं भाजपा नेत्रियां

    By Edited By:
    Updated: Wed, 02 Sep 2015 01:03 AM (IST)

    संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी ...और पढ़ें

    Hero Image

    संतोष कुमार सिंह, नई दिल्ली

    दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ (डूसू) चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) को जीत दिलाने के लिए भाजपा की महिला नेता भी मैदान में उतर गई हैं। भाजपा महिला मोर्चा की नेताओं व कार्यकर्ताओं को विद्यार्थियों से जनसंपर्क करने की जिम्मेदारी दी गई है। वह फोन कर व विद्यार्थियों के घर जाकर उन्हें एबीवीपी उम्मीदवारों को समर्थन देने के लिए प्रेरित करेंगी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    एबीवीपी का भाजपा से सीधे तौर पर तो कई संबंध नहीं है, लेकिन यह उसकी विचारधारा से जुड़ी हुई छात्र इकाई है। इसलिए प्रत्येक वर्ष डूसू चुनाव में दिल्ली भाजपा एबीवीपी को हरसंभव सहयोग देती है। चुनाव प्रचार अभियान से लेकर चुनावी रणनीति बनाने में भाजपा के नेता अहम भूमिका निभाते हैं। इसके लिए भाजपा और एबीवीपी के पदाधिकारियों की विशेष कमेटी बनाई गई है। इसके साथ ही प्रदेश से लेकर मंडल स्तर तक के पदाधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है।

    भाजपा के प्रत्येक पार्षदों को अपने क्षेत्र में रहने वाले डीयू के विद्यार्थियों का पूरा विवरण तैयार करने के लिए कहा गया है। बताया जा रहा है कि विद्यार्थियों का डाटा बैंक 15 अगस्त तक तैयार करने का लक्ष्य दिया गया था, लेकिन अभी भी यह काम चल रहा है। अब तक तैयार किए गए विवरण के आधार पर उनसे जनसंपर्क भी शुरू कर दिया गया है। संपर्क अभियान के लिए भाजपा महिला मोर्चा को आगे किया गया है। इसके साथ ही भाजपा की अन्य महिला नेता भी डूसू चुनाव में प्रचार की कमान संभाल रही हैं। खासकर डूसू की अध्यक्ष रह चुकीं प्रदेश भाजपा महासचिव रेखा गुप्ता, नुपूर शर्मा व डूसू की पूर्व उपाध्यक्ष कृति वढैरा को विशेष तौर पर विद्यार्थियों के बीच भेजा जा रहा है।

    डूसू चुनाव के लिए एबीवीपी की ओर से उम्मीदवारों की घोषणा करने के बाद इस अभियान को तेज कर दिया जाएगा। इसके लिए प्रत्येक मंडल में महिला कार्यकर्ताओं की टीम बनाई जा रही है जो फोन कर और घर-घर जाकर जनसंपर्क अभियान करेंगी। इसके साथ ही पार्षद और मंडल स्तर के नेता व कार्यकर्ता भी जनसंपर्क अभियान में शामिल होंगे। जिससे कि सभी विद्यार्थियों से संपर्क स्थापित किया जा सके। भाजपा नेताओं का कहना है कि आम आदमी पार्टी की छात्र इकाई के समर्थन में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल खुद आगे आ गए हैं। इसलिए उनके लिए इस बार का डूसू चुनाव जितना बड़ी चुनौती है।