विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 21, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

चेन्नई का मुंबई से कड़ा मुकाबला, आज से आएगा असली मजा

By Edited By:
Published: Tue, 21 May 2013 09:50 AM (IST)Updated: Tue, 21 May 2013 09:51 AM (IST)

(मोहिंदर अमरनाथ) आज टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स बेहद ही अहम मुकाबले में आमने-सामने ...और पढ़ें

News Article Hero Image

(मोहिंदर अमरनाथ) आज टूर्नामेंट की दो सबसे बेहतरीन टीमें मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपरकिंग्स बेहद ही अहम मुकाबले में आमने-सामने होंगी। तराजू लेकर भी तौला जाए तो भी इन दो टीमों में भारी कौन है यह बता पाना मुश्किल होगा। दोनों ही टीमों में ढेरों समानताएं हैं। दोनों टीमों में बड़े और स्टार खिलाड़ियों की कमी नहीं है। दोनों की बल्लेबाजी के साथ-साथ गेंदबाजी भी मजबूत है।

आखिरी पांच ओवरों में दोनों ही टीमें दस से ज्यादा की औसत से रन बनाने की कुव्वत रखती हैं। ऐसे में यदि यहां दोनों टीमों में कोई बात अंतर पैदा कर सकती है तो वह है क्षेत्ररक्षण। अभी तक दोनों ही टीमों का क्षेत्ररक्षण शानदार रहा है। एक टीम में पोलार्ड हैं तो एक मैं रैना। एक में कार्तिक हैं तो दूसरे में जडेजा। हमने अभी तक टूर्नामेंट में कई असंभव से लगने वाले कैच को लपकते देखा है और उस एक कैच ने मैच का मिजाज बदल डाला है। यहां भी जिस टीम ने कोई असंभव सा कैच लपक लिया समझ लीजिए वह दौड़ में आगे निकल गया।

दोनों ने पूरे टूर्नामेंट में अपने घरेलू मैदान पर जोरदार प्रदर्शन किया है। लेकिन यह मुकाबला तटस्थ स्थान फिरोजशाह कोटला मैदान पर खेला जाना है। कोटला पर अभी तक ज्यादा बड़े स्कोर वाले मैच देखने को नहीं मिले हैं और यहां मुंबई को दिल्ली के हाथों हार भी मिल चुकी है, लेकिन इन पुरानी बातों का इस मैच पर कोई प्रभाव नहीं पड़ने वाला। विकेट कैसा बर्ताव करेगा इस पर बहुत बहस होती है। लेकिन केवल 40 ओवर के मैच में मुझे नहीं लगता विकेट के बर्ताव से कोई खास अंतर आता है। टी-20 में टीमें पिच देखकर नहीं बल्कि अपनी रणनीति के मुताबिक टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी या गेंदबाजी का चुनाव करती हैं।

दोनों टीमों में मौजूद एक्स फैक्टर की बात करें तो कई नाम सामने आते हैं। मुंबई में कप्तान रोहित शर्मा, दिनेश कार्तिक, सचिन तेंदुलकर की मौजूदगी के बावजूद मैं कीरोन पोलार्ड को टीम का एक्स फैक्टर मान रहा हूं। ठीक इसी तरह चेन्नई में हसी, धौनी, जडेजा, ब्रावो के ऊपर मैं रैना का नाम लेना चाहूंगा। इन दो खिलाड़ियों का प्रदर्शन टीम के लिए मायने रखेगा।

मुंबई को टीम संयोजन पर थोड़ी माथापच्ची करनी पड़ सकती है। पिछले मैचों में उसने ड्वेन स्मिथ की जगह आदित्य तारे को सलामी बल्लेबाज के तौर पर मौका दिया और उन्होंने अच्छे रन बनाए। ड्वेन स्मिथ के पास तारे से ज्यादा अनुभव है और इस मैच में उनकी वापसी हो सकती है। मुझे लगता है कि अंबाति रायुडू अभी तक कुछ खास नहीं कर सके हैं और तारे को उनकी जगह मौका मिलना चाहिए।

दोनों में से किसी एक टीम को वोट दे पाना आसान नहीं है, लेकिन वोट देना अनिवार्य हो तो तकनीकि रूप से मैं चेन्नई को मुंबई से थोड़ा ऊपर देखता हूं और मेरा वोट उसे ही मिलेगा। लेकिन फिलहाल मैं मैच का आनंद उठाने के लिए तैयार बैठा हूं आप भी दिल्ली की रिकॉर्ड तोड़ गर्मी में होने वाले गरमागरम मैच के लिए हो जाइए तैयार। (फॉरच्युना सिंडिकेट)

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।