यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 10, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
'आईपीएल में होती हैं रेव पार्टियां और मैच फिक्सिंग'
आईपीएल के सीजन आठ का आगाज हो गया है और इसके साथ ही फिक्सिंग का मुद्दा फिर सुर्खियों में है। ...और पढ़ें

नई दिल्ली। आईपीएल के सीजन आठ का आगाज हो गया है और इसके साथ ही फिक्सिंग का मुद्दा फिर सुर्खियों में है। राजस्थान रॉयल के एक प्लेयर ने मैच फिक्सिंग को लेकर बड़ा खुलासा किया है। इस खिलाड़ी ने बोर्ड को बताया कि मैच फिक्स करने के लिए उससे संपर्क किया गया और उसे पैसे का प्रलोभन दिया गया। लेकिन पूर्व क्रिकेटर कीर्ति आजाद इस घटना से हैरान नहीं हैं। कीर्ति आजाद का कहना है कि आईपीएल में यह आम बात हो गई है।
इसे भी पढ़ें: आइपीएल-8 पर फिक्सिंग का ग्रहण, रॉयल्स के प्लेयर का दावा
कीर्ति आजाद से जब राजस्थान रॉयल के खिलाड़ी को फिक्सिंग का ऑफर मिलने के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'मुझे इस बात से कोई हैरानी नहीं हो रही है कि राजस्थान रॉयल के एक खिलाड़ी को फिक्सिंग करने के लिए प्रलोभन दिया गया है।'
कीर्ति का मानना है कि आईपीएल के लिए फिक्सिंग अब नई बात नहीं रह गई है। उन्होंने कहा, 'इस टूर्नामेंट के आयोजक इसे 'इंडिया का त्योहार' कहते हैं, लेकिन असल में यह 'आईपीएल का त्योहार' है। जहां रेव पार्टियां, मैच फिक्सिंग और स्पॉट फिक्सिंग होती है।'
वहीं पूर्व क्रिकेटर सुरेंद्र खन्ना का कहना है, 'आईपीएल का फॉर्मेट ऐसा है कि इससे सट्टेबाजी को बढ़ावा मिलता है। उम्मीद करते हैं कि सट्टेबाजी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी, जिससे इस पर विराम लग सके।'
साथ ही उन्होंने कहा, 'आईपीएल के नए सीजन के शुरू होने से पहले इसकी सभी कमियों को दूर कर देना चाहिए था। मेरा मानना है कि हमारी न्याय प्रक्रिया बहुत धीमी है, जिसकी वजह से ऐसे अपराध बार-बार होते हैं। ये दुर्भाग्य की बात है।'