यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 14, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
डिविलियर्स धरती पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर : गिलक्रिस्ट
ऑस्ट्रेलिया के तीन बार के विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे एडम गिलक्रिस्ट ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी ...और पढ़ें

दुबई। ऑस्ट्रेलिया के तीन बार के विश्व कप विजेता टीम के सदस्य रहे एडम गिलक्रिस्ट ने दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एबी डिविलियर्स की तारीफों के पुल बांधते हुए उन्हें 'मोस्ट वैल्युएबल क्रिकेटर आन प्लेनेट' (धरती पर सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर) करार दिया है।
विश्व कप के इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वालों की सूची में छठे स्थान पर और 52 शिकार के साथ सबसे सफल विकेटकीपर गिलक्रिस्ट ने कहा, 'डिविलियर्स दुनिया का सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर है। उसकी विविधता असाधारण है और उसे देखना शानदार है। वह नयापन लेकर आता है। वह धीमा और आक्रामक दोनों तरह का खेल दिखा सकता है।
इसके अलावा वह विकेटकीपिंग भी कर सकता है। साथ ही वह दुनिया के सर्वश्रेष्ठ क्षेत्ररक्षकों में से एक भी है और हाल में गेंदबाजी करते हुए उसने कुछ विकेट भी हासिल किए हैं। वह टीम की अगुआई काफी अच्छे तरीके से करता है इसलिए मुझे लगता है कि फिलहाल वह सर्वश्रेष्ठ क्रिकेटर है।'
डिविलियर्स तीसरी बार विश्व कप में हिस्सा लेंगे। वह 175 वनडे में 7210 रन बना चुके हैं, जिसमें 18 शतक और 42 अर्धशतक शामिल हैं। उन्होंने 56 वनडे में टीम की अगुआई की, जिसमें से उसने 31 मैच जीते। उन्होंने विकेटकीपर के तौर पर 88 शिकार भी किए।
गिलक्रिस्ट ने साथ ही कहा कि ऑस्ट्रेलिया के लिए मिशेल मार्श और डेविड वार्नर गहरी छाप छोड़ेंगे जबकि उनका मानना है कि भारत के महेंद्र धौनी और विराट कोहली की भी इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड 23 साल में पहली बार आइसीसी विश्व कप की एक-साथ मेजबानी कर रहे हैं। यह टूर्नामेंट 14 फरवरी से 29 मार्च तक खेला जाएगा। गिलक्रिस्ट के अनुसार विश्व कप निश्चिय ही बहुत रोचक होने जा रहा है। ऑस्ट्रेलियाई पिचें जहां बल्लेबाजों के लिए मुफीद होंगी। वहीं, न्यूजीलैंड की पिच गेंदबाजों के लिए ज्यादा मददगार साबित होगी।
