यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 27, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बेदी ने सचिन तेंदुलकर पर साधा निशाना, दिया कुछ ऐसा बयान
कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी ने सचिन तेंदुलकर की लंबे समय से चली आ रही खराब फॉर्म पर ...और पढ़ें

कोलकाता। पूर्व भारतीय कप्तान बिशन सिंह बेदी ने सचिन तेंदुलकर की लंबे समय से चली आ रही खराब फॉर्म पर परोक्ष हमला करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब इस स्टार बल्लेबाज को फिर से रन बनाना शुरू करना होगा।
अपने जमाने के दिग्गज स्पिनर ने कहा, 'अब समय आ गया है कि उन्हें (तेंदुलकर) लोगों का सम्मान हासिल करने के लिए फिर से रन बनाना शुरू करना चाहिए।' बेदी ने कहा कि टेस्ट मैच में दस विकेट लेने का मतलब दोनों पारियों में शतक बनाने जैसा है। बेदी ने पर्थ में अपने दस विकेट लेने के कारनामे को याद करते हुए कहा, 'यहां तक कि तेंदुलकर जैसा बल्लेबाज भी ऐसा नहीं कर पाया, इसलिए यह बड़ी उपलब्धि है।'
उन्होंने पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली की तारीफ करते हुए कहा कि बंगाल के इस क्रिकेटर ने भारतीय क्रिकेट को आगे बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया। बेदी ने कहा, 'आज कल हम महेंद्र सिंह धौनी के बारे में बहुत कुछ पढ़ रहे हैं, लेकिन आज की क्रिकेट की नींव सौरव गांगुली ने रखी थी। उनका भारतीय क्रिकेट में बहुत बड़ा योगदान है। धौनी शांतचित होकर उसे आगे बढ़ा रहे हैं। शांत बने रहना धौनी का सबसे बड़ा गुण है। भारतीय क्रिकेट ने हमेशा उतार-चढ़ाव देखे, लेकिन अब तक लगता है कि वह स्थिर है।'
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
