यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 11, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
न डेल स्टेन, न मोर्कल, फिर भी द. अफ्रीका ने पाक को पीटा
सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला के 81 रन की पारी के बाद गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ...और पढ़ें

बर्मिघम। सलामी बल्लेबाज हाशिम अमला के 81 रन की पारी के बाद गेंदबाजों के धारदार प्रदर्शन की मदद से दक्षिण अफ्रीका ने सोमवार को चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को 67 रन से हरा दिया। इस जीत के साथ द. अफ्रीकी टीम ने अंतिम चार की दौड़ में खुद को बनाए रखा, जबकि पाकिस्तानी टीम की लगातार दूसरी हार के बाद सेमीफाइनल में जगह बनाने की उम्मीदें धूमिल पड़ गई हैं। पाकिस्तान का अगला मैच 15 जून को अपने चिरप्रतिद्धंद्धी भारत से होगा।
लाइव कमेंटरी के साथ फुल स्कोरबोर्ड देखने के लिए क्लिक करें
दक्षिण अफ्रीका ने अमला की अर्धशतकीय पारी की मदद से निर्धारित 50 ओवर में नौ विकेट खोकर 234 रन बनाए, जिसके जवाब में पाकिस्तानी टीम 45 ओवर में 167 रन पर सिमट गई। गौरतलब है कि दक्षिण अफ्रीका के दो महत्वपूर्ण गेंदबाज डेल स्टेन और मोर्नी मोर्कल अनफिट होने के कारण यह मुकाबला नहीं खेल रहे थे। मोर्कल तो पूरे टूर्नामेंट से ही बाहर हो चुके हैं। इसके बावजूद पाकिस्तान के खिलाफ दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों ने दमदार प्रदर्शन किया।
वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले मैच में अर्धशतकीय पारी खेलने वाले कप्तान मिस्बाह-उल-हक और सलामी बल्लेबाज नासिर जमशेद ने एक बार फिर विकेट पर जमकर कुछ रन बनाए, लेकिन उन्हें अन्य किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला। जिस कारण टीम को हार झेलनी पड़ी। मिस्बाह ने सर्वाधिक 55 रन, जबकि जमशेद ने 42 रन का योगदान दिया। दक्षिण अफ्रीका की तरफ से रेयान मैक्लारेन ने सर्वाधिक चार विकेट झटके। सोतसोबे और वनडे में पदार्पण कर रहे क्रिस मॉरिस ने दो-दो विकेट लिए।
इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। हाशिम अमला और कोलिन इनग्राम ने पारी की शुरुआत की और सावधानी से पाकिस्तान के गेंदबाजों को खेला। दोनों ने विकेट तो गिरने नहीं दिया, लेकिन रनगति बेहद धीमी हो गई। पहले 10 ओवरों में दोनों बल्लेबाजों ने बिना जोखिम उठाए 36 रन जोड़े। दक्षिण अफ्रीका का स्कोर जब 53 रनों पर पहुंचा, तब हफीज ने इनग्राम को पगबाधा आउट कर पाकिस्तान को पहली सफलता दिलाई। इनग्राम ने 45 गेंद पर 20 रन बनाए।
इसके बाद अमला ने फाफ डु प्लेसिस को साथ लेकर स्कोर को आगे बढ़ाया। 25वें ओवर में प्लेसिस ने चौके के साथ टीम को सौ के पार पहुंचाया। लेकिन दो ओवर बाद वह मुहम्मद इरफान की गेंद पर शोएब मलिक को कैच थमा बैठे। उन्होंने अपनी पारी में 40 गेंद खेलते हुए 28 रन बनाए। दूसरा विकेट गिरने के बाद बल्लेबाजी को आए कप्तान एबी डिविलियर्स इससे पहले की रनगति तेज करते अमला को सईद अजमल ने अपने जाल में फंसा लिया।
अमला ने 97 गेंद की पारी में नौ चौके लगाए। 41वें ओवर में डिविलियर्स (31) और 43वें ओवर में जेपी डुमिनी (24) के रन आउट हो जाने से बड़े स्कोर की तरफ बढ़ रही टीम का स्कोर 195/5 हो गया। आइपीएल में धमाकेदार पारी खेलकर नाम कमाने वाले युवा बल्लेबाज डेविड मिलर से आखिरी ओवरों में धमाके की उम्मीद थी, लेकिन पाकिस्तानी कप्तान मिस्बाह ने शानदार कैच लपककर उन्हें सस्ते में पवेलियन भेज दिया। आखिरी ओवर में दो और बल्लेबाज रन आउट हुए, जिससे उस ओवर में केवल तीन रन ही बन सके। दक्षिण अफ्रीका के चार बल्लेबाज रन आउट हुए। इरफान, जुनैद, हफीज, अजमल और शोएब ने एक-एक विकेट झटका।
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
