विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 13, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

पूर्णिया में 10 किलोमीटर के दायरे में परिंदा नहीं मारेगा पर

By Edited By:
Published: Wed, 13 Mar 2013 08:49 PM (IST)Updated: Wed, 13 Mar 2013 08:51 PM (IST)

News Article Hero Image

जागरण प्रतिनिधि, पूर्णिया : जिले में 10 किलोमीटर के दायरे में अब कोई परिंदा पर नहीं मार पाएगा। मुर्गो के अलावा किसी अन्य पक्षी को 60 दिनों तक क्षेत्र से बाहर से लाने व ले जाने पर पूरी तरह से रोक लगा दी गई है। प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में मुर्गे व बतख रखने पर पाबंदी लगा दी गई है। यह फैसला बुधवार को राज्य के पशुपालन निदेशक राजेश कुमार के साथ हुई प्रशासन की समीक्षात्मक बैठक के बाद लिया गया है।

जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा ने बताया, निर्देश बुधवार से ही लागू हैं। बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र के एक किलोमीटर के दायरे में सात हजार मुर्गो के होने की बात सर्वेक्षण में सामने आई थी। इनमें से 6,279 मुर्गो को किलिंग टीम मार चुकी है। शेष बचे मुर्गो को मारने के लिए बुधवार को भी अभियान चलाया गया। बर्ड फ्लू प्रभावित क्षेत्र में एक किलोमीटर के दायरे में एक माह तक किसी भी मुर्गे के प्रवेश पर पूरी तरह से रोक रहेगी। इस दौरान क्षेत्र का कोई भी व्यक्ति मुर्गे को पाल अथवा खा नहीं सकेगा। इस निर्देश को सख्ती से लागू कराने के लिए 16 चेक पोस्ट बनाए गए हैं। ये पोस्ट अब तीन माह तक दिन-रात काम करेंगे। इसके अलावा एक किलोमीटर के इलाके को पांच सेक्टरों में बांट कर पांच विशेष दंडाधिकारी सशस्त्र बल के साथ दिन-रात निगरानी करेंगे। इस दल को क्षेत्र में गश्ती के लिये वाहन भी उपलब्ध कराया जायेगा। एक किलोमीटर के दायरे की सभी नालियों एवं कूड़ास्थलों की भी सफाई की जाएगी। सफाई के बाद इनमें दवा का छिड़काव होगा। ताकि बर्ड फ्लू के वायरस को समूल रूप से नष्ट किया जा सके। प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में जो मुर्गे 60 दिनों तक रहेंगे उनका हर 15 दिनों में सैंपल लिया जाएगा। सैंपल जांच के लिए कोलकाता भेजा जाएगा। ताकि गड़बड़ी सामने आने के बाद तत्काल कार्रवाई की जा सके।

पशुपालन विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रभावित क्षेत्र के 10 किलोमीटर के दायरे में एक लाख से अधिक मुर्गे मौजूद हैं।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर