यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Dec 14, 2014 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गंगा में बराज बनने से बढ़ जाएगी समस्या
जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि प्रकृति को चुनौती नहीं दी जा सकती है। लाख प्रयास के बाद भी बाढ़ आती है। इसलिए कोशिश यह होनी चाहिए कि बाढ़ आने पर स्थिति से कैसे निपटा जाए, ताकि कम से कम नुकसान हो।

पटना। जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि प्रकृति को चुनौती नहीं दी जा सकती है। लाख प्रयास के बाद भी बाढ़ आती है। इसलिए कोशिश यह होनी चाहिए कि बाढ़ आने पर स्थिति से कैसे निपटा जाए, ताकि कम से कम नुकसान हो। बारिश का पूर्वानुमान जितना सटीक होगा बाढ़ का पूर्वानुमान उतना ही सही होगा। सही आकलन से बेहतर ढंग से बचाव किया जा सकता है।
उन्होंने उत्तर बिहार में बाढ़ का पूर्वानुमान, कारण, चुनौती और समस्या विषय पर शनिवार को आयोजित संगोष्ठी में कहा कि बिहार का 73 फीसद भूभाग बाढ़ से प्रभावित है, जो देश के कुल बाढ़ प्रभावित हिस्सा का करीब 18 फीसद है। गंगा में बराज बनाकर बाढ़ की समस्या का समाधान नहीं हो सकता है, बल्कि समस्या बढ़ेगी।
उन्होंने कहा कि केन्द्र की गंगा में जगह-जगह बराज बनाने की योजना है, जबकि फरक्का में बराज बनने के बाद बिहार में बाढ़ की स्थिति पहले की अपेक्षा अधिक भयावह हो गई। इतना ही नहीं गंगा नदी में गंगोत्री से निकलने वाली गंगा का एक बंूद भी नहीं पहुंचता है। गंगा में सोन, गंडक, घाघरा नदी का पानी है। यही वजह है कि गंगा जल का मूल गुण खत्म हो गया और अब सामान्य पानी की तरह रह गया है। तमाम पहलुओं का अध्ययन करने के बाद ही गंगा में बराज बनाने पर विचार करना चाहिए था। प्रदेश के हित में नहीं होने की वजह से राज्य सरकार बराज निर्माण का विरोध कर रही है। मंत्री ने कहा कि गंगा में अधिकांश नदियां मिलती हैं। गाद जमा होने से गंगा मरणासन्न होकर टुकड़ों में बंट गई है। बराज बनने से स्थिति गंभीर हो जाएगी। केन्द्र सरकार को गाद हटाने का सही व सटीक तरीका अपनाना चाहिए। बिहार से गुजरने वाली अधिकांश नदियां नेपाल से निकलती हैं। इसलिए नेपाल के सहयोग के बिना बाढ़ पर नियंत्रण संभव नहीं है। इस अवसर पर आइडब्ल्यूआरएस के अध्यक्ष प्रो. संतोष कुमार, दीपक कुमार सिंह, आरती सिन्हा समेत कई विशेषज्ञों ने बाढ़ नियंत्रण पर विचार व्यक्त किए।