यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 25, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
यात्रीगण कृपया जान लें, पटना जं. पर पुलिस के इन जासूसों की है आप पर नजर
पटना पुलिस ने रेलवे स्टेशन पर बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए नई शुरुआत की है। पुलिस के जासूस ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। बढ़ते अपराध पर रोक के लिए रेल पुलिस की यह नई पहल है। इसके परिणाम भी मिल रहे हैं। रेल और इसके माध्यम से होने वाले अपराध की रोकथाम के लिए पटना जंक्शन पर रेल पुलिस इन दिनों 'जासूसों' का सहारा ले रही है। ये जासूस हैं जंक्शन के कुली व वेंडर्स।
पटना जंक्शन पर रेल पुलिस ने कुलियों व वेंडर्स की एक टीम बनाई है। यह टीम अपराधियों की धरपकड़ में अहम भूमिका निभा रही है। इस टीम के सदस्य जंक्शन पर यात्रियों की गतिविधियों पर पैनी नजर रखते हैं। किसी यात्री या उसके सामान पर संदेह होने पर टीम पुलिस को खबर करती है।
पुलिस को तत्काल देते सूचना
सूत्र बताते हैं कि पुलिस ने इस टीम को संसाधनों से भी लैस किया है। टीम में शामिल कुलियों व वेंडर्स से रेल पुलिस मोबाइल खर्च देती है। पटना जंक्शन के कुली श्याम ने बताया कोई संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति दिखते ही वे लोग इसकी सूचना जीआरपी को तत्काल देते हैं।
पटना जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर 3 पर वेंडर रहमान भी पुलिस के लिए काम करते हैं। उन्होंने बताया कि वे भी बिना किसी संकोच के जीआरपी की मदद करते हैं।
मिल रही सफलता
पुलिस की इस पहल को सफलता भी मिल रही है। पटना जंक्शन के जीआरपी थाना प्रभारी प्रमोद कुमार बताते हैं कि जीआरपी ने हाल के दिनों में दो दर्जन से ज्यादा लोगों को शराब के साथ गिरफ्तार किया है। राजस्थान से लाई गई देशी मसालेदार शराब की खेप की भी बरामदगी हुई। इस सफलता के पीछे कुलियों व वेंडर्स की टीम से मिले इनपुट की अहम भूमिका रही है।
दर्जनों मामले सुलझाए
थाना प्रभारी प्रमोद कुमार बताते हैं कि कुलियों व वेंडरों की सहायता से पुलिस ने दर्जनों आपराधिक वारदातों को सुलझाया है। लेकिन, रेल पुलिस केवल उनपर ही निर्भर नहीं है। रेल पुलिस की टीम सादे लिबास में यात्री बनकर ट्रेनों में यात्रा कर रही है।
