यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 02, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार के बाद यूपी-झारखंड पर फोकस करेगी JDU, शेखर को किसान प्रकोष्ठ की कमान
पटना में गुरुवार को जदयू की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इसमें कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

पटना। जदयू की राष्ट्रीय पदाधिकारियों की बैठक गुरुवार को पटना में हुई। इसमें पार्टी के सभी प्रकोष्ठ भंग कर दिए गए। अब इनका नए सिरे से पुनर्गठन किया जाएगा। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि पार्टी अब पड़ोसी राज्य झारखंड व यूपी पर फोकस करेगी। दोनों राज्यों में संगठन विस्तार पर जोर दिया जाएगा।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जदयू का अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की यह पहली बैठक थी। इसमें जदयू अध्यक्ष ने कई नेताओं को नई जिम्मेदारियां दीं। अरुण श्रीवास्तव को सदस्यता अभियान का प्रमुख बनाया गया, जबकि अनिल हेगड़े पार्टी के राष्ट्रीय निर्वाचन पदाधिकारी बनाए गए। कौशलेन्द्र कुमार जदयू के राष्ट्रीय कोषध्यक्ष बनाए गए। बैठक में किसान नेता शेखर दीक्षित ने जदयू की सदस्यता ली। उन्हें जदयू में किसान प्रकोष्ठ की कमान दी जा सकती है। शेखर दीक्षित यूपी में नीतीश कुमार का कार्यक्रम करा चुके हैं।
