यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लालू ने कहा-हिम्मत है तो करा लें लोकसभा चुनाव, कांग्रेस की हां, जदयू की ना
लालू यादव ने पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा कि हिम्मत हो तो लोकसभा का चुनाव करवा लें। उनके ...और पढ़ें

पटना [जेएनएन]। बिहार में एक बार फिर महागठबंधन में हलचल मची है। राजद सुप्रीमो लालू यादव ने कल पीएम मोदी को चुनौती देते हुए कहा था कि हिम्मत है तो लोकसभा को भंग कर दीजिए। जिन राज्यों में हाल में चुनाव होने हैं, वहां के साथ लोकसभा का चुनाव करा दें, आपको अपनी स्थिति का पता चल जाएगा।
कांग्रेस ने कहा-देंगे साथ, जदयू ने कहा-साथ नहीं देेंगे
लालू की इस चुनौती पर जहां उन्हें कांग्रेस का साथ मिला है वहीं जदयू ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा है कि इस संबंध में जदयू उनका साथ नहीं देगा। जदयू के प्रवक्ता नीरज ने कहा कि इस मामले में जदयू राजद का साथ नहीं देगा, हालांकि उन्होंने कहा कि इस मामले में राष्ट्रीय नेतृत्व को फैसला करना है।
वहीं कांग्रेस ने इस मामले में लालू को समर्थन देने की बात कही है। विधान पार्षद दिलीप चौधरी ने कहा कि बीजेपी को हिम्मत है तो करा ले लोकसभा का चुनाव।
लालू ने कहा था-हिम्मत है तो करा लें चुनाव
रविवार को लालू ने पटना में पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा था कि बीजेपी ने नीति आयोग के उस सुझाव की राजनीतिक स्थिरता के लिए विधानसभा और लोकसभा का चुनाव एक साथ होने के सुझाव का समर्थन किया है। लालू ने कहा कि तीन साल हो गया... हिम्मत है तो लोकसभा को भंग कर दीजिए। जिन राज्यों में हाल में चुनाव होने हैं, वहां के साथ लोकसभा का चुनाव करा दें, आपको अपनी स्थिति का पता चल जाएगा।
नीति आयोग की चाल को लागू नहीं होने देंगे
आरजेडी सुप्रीमो ने कहा, नीति आयोग ने विधानसभा और संसद का चुनाव एक साथ होने का सुझाव दिया है।फेडरल सिस्टम और क्षेत्रीय दलों को नेस्तनाबूद करना चाहते हैं। इसको हमलोग चलने नहीं देंगे। नीति आयोग का यह काम नहीं था, पर उसके जरिये ये संविधान को बदलने में लगे हुए हैं।
लालू ने कहा- बीजेपी की सरकार कायर है
लालू ने कहा कि देश इनके हाथों में सुरक्षित नहीं है। देश को दूसरी दिशा में ले जा रहे हैं। देश को ये टुकड़े-टुकड़े करना चाहते हैं। अंदरूनी तौर पर अस्थिरता तो है ही, बाहरी तौर पर अस्थिरता पैदा कर रहे हैं और ये पीछे हटते जा रहे हैं। बीजेपी की सरकार कायर सरकार है। ये सब डरपोक हैं, इसको बस गद्दी चाहिए।
उन्होंने आरोप लगाया, 'जब-जब बीजेपी केंद्र में सत्ता में आई, अटल बिहारी वाजपेयी जी के कार्यकाल के दौरान पाकिस्तान की ओर से कारगिल पर हमला हुआ, जिसकी रक्षा करने में बिहार रेजिमेंट के जवानों सहित न जाने कितने देश के अन्य भागों के जवान शहीद हो गए।
नक्सली हमले और पाकिस्तानी हमले के लिए कौन जिम्मेदार?
लालू प्रसाद ने कहा, 'नरेंद्र मोदी का जम्मू कश्मीर सहित पूरे देश में राज है। न जाने कितने सिर हमारे जवानों के काटकर ले गए... इसके लिए कौन जिम्मेदार है? यही नहीं छत्तीसगढ में भी हमारे जवानों को नक्सलियों के हमले के लिए कौन जिम्मेदार है?'
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के एक पुराने भाषण को मीडियाकर्मियों को सुनाते हुए लालू ने उनकी 2015 में नवाज शरीफ से मिलने जाने की चर्चा करते उन पर दोहरी बात करने का आरोप लगाते हुए कहा, आपके कार्यकाल में लगातार जवानों के सिर कलम किए जा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के देवरिया निवासी प्रेम सागर के घर मिलने गए, वहां के मुख्यमंत्री योगीनाथ के ठहरने के लिए एसी और कारपेट बिछाया गया और मिनरल वाटर का इंतजाम किया गया। जवानों को मारकर उनके शवों को क्षत-विक्षत किया जा रहा है और मोदी सरकार पीछे हटती जा रही है।
यूपीए के शासनकाल में पाकिस्तान का झंडा नहीं लहराया
लालू ने कहा जब तक हमलोगों की सरकार (केंद्र की पिछली यूपीए सरकार) थी, तब जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान का झंडा नहीं लहराया गया था, पर आज वहां पाकिस्तान का झंडा लहराया जा रहा है। जब तक हम सत्ता में थे वहां वोट का प्रतिशत पूरा होता था पर आज वह गिरकर सात प्रतिशत हो गया है।
यह भी पढ़ें: RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी
उन्होंने कहा संसद पर हमला करने वाले अफजल गुरु को जम्मू कश्मीर विधानसभा में पीडीपी ने शहीद का दर्जा दिया था और उसी पार्टी के साथ आप सरकार बनायी है। भोजन नहीं मिलने की बात करने सैनिक को बर्खास्त किया जा रहा है, जो देश के रखवाले हैं उनके साथ ठीक व्यवहार नहीं हो रहा है।