यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
CM नीतीश ने कहा- मैं 2019 में पीएम पद का उम्मीदवार नहीं हूं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि मैं पीएम पद का दावेदार नहीं, मैं बिहार की सेवा कर रहा हूं। पीएम मोदी में क्षमता थी इसीलिए वो प्रधानमंत्री हैं।

पटना [जेएनएन]। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि मैं 2019 में होने वाले चुनाव में पीएम पद का उम्मीदवार नहीं हूं, हम तो बिहार की सेवा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम इतने बड़े मूर्ख नहीं हैं, हम जानते हैं कि हमारी पार्टी, जदयू छोटी-सी पार्टी है और बिहार के लोगों की ही सेवा करती रहेगी।
उन्होंने कहा, 'तीन साल पहले भला कौन जानता था कि नरेंद्र मोदी देश के प्रधानमंत्री होंगे। लेकिन ऐसा हुआ।क्योंकि पीएम मोदी को जनसमर्थन मिला और लोगों ने उन्हें वोट देकर सत्ता सौंपी।'
सोमवार को लोकसंवाद कार्यक्रम के अंतर्गत मीडिया को संबोधित करते हुए नीतीश ने कहा, 'मुझे मालूम है, मुझमें वैसी क्षमताएं नहीं हैं। मैं एक छोटी पार्टी का नेता हूं और मुझमें राष्ट्रीय महत्वकांक्षाएं नहीं हैं।'
नीतीश ने कहा, 'शरद यादव पार्टी के प्रेसिडेंट थे। इसके बाद पार्टी कार्यकर्ताओं ने मुझे जिम्मेदारी देने का मन बनाया। लेकिन मीडिया ने इसे मेरी राष्ट्रीय महत्वकांक्षा से जोड़कर देखा।' उन्होंने कहा, 'पार्टी प्रेसिडेंट के नाते मैं जेडीयू का दूसरे राज्यों में विस्तार की कोशिश कर रहा हूं। इसका मतलब यह नहीं है कि मैं प्रधानमंत्री पद के सपने देख रहा हूं।
लालू पर हालिया भ्रष्टाचार के आरोपों पर कहा, 'लालू यादव परिवार पर बीजेपी ने भ्रष्टाचार का आरोप लगाया है।लालू जी इसका जवाब भी दे चुके हैं. अगर किसी के पास कोई तथ्य है तो उन्हें कोर्ट में जाना चाहिए।'
ईवीएम पर अलग राय को लेकर नीतीश ने कहा, वैलेट पेपर का जमाना लद गया है। ईवीएम ठीक है। ईवीएम को लेकर अगर कोई सुझाव आए तो उसपर जरूर ध्यान देना चाहिए। नीतीश ने यह भी साफ़ किया कि वो लालू यादव की पार्टी आरजेडी के साथ सरकार चला रहे हैं। इसका मतलब यह नहीं कि आरजेडी की विचारधारा उनकी पार्टी की भी विचारधारा है।
राष्ट्रपति चुनाव के मामले में नीतीश ने कहा कि हम तो यही चाहेंगे कि प्रणव मुखर्जी फिर से देश के राष्ट्रपति बनें और इस पद के चुनाव के लिए आम सहमति से ही निर्णय लेना चाहिए। यही परंपरा रही है, अगर सहमति नहीं बने ताे विपक्ष काे अपना प्रत्याशी देना फर्ज है। नीतीश ने कहा कि वो २७ अगस्त काे लालू की रैली में भाग लेंगे।
यह भी पढ़ें: RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद के 22 ठिकानों पर आयकर विभाग की छापेमारी
उन्होंने कहा कि दहेज लेनेवालों के यहां शादी में नहीं जायें, तभी दहेज प्रथा से मुक्ति मिलेगी, सरकार दहेज प्रथा के खिलाफ अभियान चलाएगी। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी दहेज प्रथा के खिलाफ हो जाए इससे अच्छी बात क्या होगी, लेकिन कानूनी पहलू को देखना होगा। सीएम ने कहा कि जनचेतना से ही दहेज प्रथा और बाल विवाह पर रोक लग सकती है।