यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 09, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बिहार में आपातकाल की बरसी पर भाजपा दिखाएगी ताकत, जानिए
आपातकाल की बरसी पर 26 जून को भाजपा महागठबंधन सरकार को अपनी ताकत दिखायेगी। इसके लिए रणनीति बनाने का काम शुरू हो गया है।

पटना [रमण शुक्ला]। 26 जून,1975 को देश में लगे आपातकाल की बरसी पर भाजपा ने महागठबंधन सरकार को आईना दिखाने की तैयारी शुरू कर दी है। कमल के सिपाहियों की कोशिश है कि जेपी के खास चेलों में शामिल मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और राजद सुप्रीमो लालू यादव को देश में इमरजेंसी लगाने वाली कांग्रेस के कंधे पर बैठ कर सरकार चलाने और 12वीं परीक्षा परिणाम के जरिए लाखों विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ करने का दोषी ठहराया जाए।
भाजपाई, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नित्यानंद राय की अगुवाई में 26 जून को सदभावना मार्च निकालने की रणनीति बना रहे हैं। पटना के कदमकुंआ स्थित लोकनायक जयप्रकाश नारायण के आवास से मुख्यमंत्री आवास तक आठ किलो मीटर पैदल मार्च निकालने के पीछे भाजपाइयों केपास तमाम मुद्दे हैं।
इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम यानि 12वीं में महज 35 फीसद विद्यार्थियों के उत्तीर्ण होने, फिर साल दर साल टॉपर घोटाला और राजद सुप्रीमो लालू यादव कुनबे द्वारा अर्जित की गई बेनामी संपत्ति, बिहार सरकार को दिए संपत्ति संबंधित शपथ पत्र में सैकड़ों करोड़ रुपये की जानकारी छुपाने समेत दर्जनों मामलों को लेकर भाजपाई चक्रव्यूह रचने में जुटे हैं।
भाजपाइयों की माने तो नित्यानंद राय के बिहार भाजपा की कमान संभालने के बाद महागठबंधन सरकार के खिलाफ यह सबसे बड़ा आयोजन होगा। दरअसल, भाजपा अब महागठबंधन सरकार को मोहलत देने के लिए कतई तैयार नहीं। मुद्दों की सूची तैयार है और जमावड़ा की पूरी कार्ययोजना भी।
यह भी पढ़ें: लालू प्रसाद पर लग रहे आरोपों ने बढ़ाईं नीतीश की चुनौतियां
पार्टी भावी दिशा-दशा का संकेत देख जमीनी हकीकत को भांपते हुए विभिन्न आयोजनों के जरिए नुमाइंदों को सक्रिय करने की मुहिम में जुट गई है। पार्टी के रणनीतिकारों का मानना है कि भावी चुनौतियों के मद्देनजर समय कम बचा है। ऐसे में एक-एक दिनके हिसाब से रणनीति को परवान चढ़ाने के लिए कार्ययोजना तय करने की जरूरत है।