यह एक आर्काइव लेख है, जिसे May 08, 2015 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
ड्राइवर ने कहा- तेज गर्मी से पलट गईं ट्रेन की 23 बोगियां, गया-मुगलसराय रुट बंद
पूर्व मध्य रेलवे के मुगलसराय-गया रेलखंड के कुम्हऊ स्टेशन के पास गुरुवार को अप लाइन पर जा रही मालगाड़ी के ...और पढ़ें

पटना। पूर्व मध्य रेलवे के मुगलसराय-गया रेलखंड के कुम्हऊ स्टेशन के पास गुरुवार को अप लाइन पर जा रही मालगाड़ी के 23 डिब्बे पटरी से उतर गए। जिससे अप व डाउन के सभी ट्रैक क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ग्रैंड कार्ड लाइन पर परिचालन पूरी तरह ठप हो गया है। रेल लाइन को ठीक करने के लिए अधिकारियों का दल मुगलसराय से क्रेन व अन्य उपकरण के साथ पहुंच गया है।
मुगलसराय के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशीष कुमार ने बताया कि अप मेन लाइन में शुक्रवार को दोपहर 12.20 बजे कोयला लदी मालगाड़ी के डब्बे कुम्हऊ स्टेशन के समीप पोल संख्या 580/29 के पास पटरी से उतर गए। जिससे रेल पटरियां क्षतिग्रस्त हो गई और ट्रैक पर डिब्बे व कोयला बिखर गए। ग्रैंडकार्ड लाइन पर परिचालन पूरी तरह ठप पड़ गया है। इस लाइन से आने-जाने वाली यात्री ट्रेनें विभिन्न स्टेशनों पर खड़ी हैं, वहीं कुछ का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। कहा कि अधिकारियों का दल मुगलसराय से क्रेन व अन्य सामानों के साथ रवाना हो गया है। गया से भी अधिकारियों का एक दल वहां भेजा गया है। बताया कि परिचालन रात तक शुरू होने की संभावना है। हालांकि घटना के तीन घंटे बाद भी वहां पटरी को दुरुस्त करने का कार्य शुरू नहीं हो पाया है। शिवसागर थानाध्यक्ष संजीत कुमार, बीडीओ विजय कुमार जायसवाल, सीओ अरशद अली, आरपीएफ इंस्पेक्टर बीके सिंह सहित अन्य अधिकारी दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंच गए हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं घटना के संबंध में चालक डी. आर रेड्डी ने कहा कि अचानक प्रेशर कम होने के बाद डब्बे पटरी से उतर गए। ऐसा गर्मी के कारण भी हो सकता है।
