यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 08, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
लालूपुत्र तेजस्वी और तेजप्रताप के भविष्य पर लग सकता है सवालिया निशान
लालू और राबड़ी सहित उनके दोनों बेटों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। बेनामी संपत्ति मामले में हो रही कार्रवाई ...और पढ़ें

पटना [काजल]। राजद अध्यक्ष लालू परिवार पर लगातार मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। उनके परिवार पर बेनामी संपत्ति के मामले में लगातार कई आरोप लग रहे हैं। मिट्टी घोटाला, मॉल घोटाला और अब रेलवे के होटल लीज देने के बदले जमीन लेने के मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद सीबीआई के छापों ने लालू यादव को नई मुश्किल में डाल दिया है। इन मामलों में लालू, राबड़ी सहित उनके दोनों बेटों पर भी जांच के बाद कड़ी कार्रवाई हो सकती है।
बहू की ख्वाहिश जाहिर की थी लालू-राबड़ी ने
अभी कुछ दिनों पहले लालू-राबड़ी अपने दोनों बेटों के लिए दुल्हन लाने की ख्वाहिश जाहिर कर अपनी पसंद बताई थी कि उन्हें कैसी बहू चाहिए? लेकिन बहू लाने से पहले बेनामी संपत्ति के पुराने मामले परत-दर-परत खुल रहे हैं और लालू-राबड़ी अपने दोनों बेटों पर भी घोटाले की तलवार लटकती देख रहे हैं।
लालू ने बेटों को राजनीतिक उत्तरदायित्व सौंपने की कही थी बात
लालू का खुद का राजनीतिक कैरियर चारा घोटाला मामले में दोषी ठहराए जाने के बाद 2013 में ही खत्म हो गया था। इस मामले के बाद वो जनता के बीच जा तो सकते हैं लेकिन अब चुनाव नहीं लड़ सकते। जिस नीतीश कुमार से लालू यादव खार खाते थे उन्होंने ही लालू को संजीवनी दी। महागठबंधन बना और लालू अपनी पार्टी के साथ बड़ा चेहरा लिए उभरे।
राजद ने अपनी राजनीतिक विरासत अपने दोनों बेटों को सौंपने की जो कोशिश की, जिसका इंतजार किया वो रंग लाई और महागठबंधन की सरकार बनने के बाद उनके दोनों बेटों, तेज और तेजस्वी को नीतीश कैबिनेट में जगह मिल गई। एक को तो उपमुख्यमंत्री की कुर्सी मिली तो दूसरे को भी कई अहम मंत्रालय।
लालू के बड़े बेटे तेजप्रताप अभी राजनीति में अपरिपक्व बताए जाते हैं और उनका ज्यादा ध्यान पूजा-पाठ और मंदिरों में बीतता है तो वहीं छोटे पुत्र तेजस्वी यादव अपने पिता की तरह राजनीति को बखूबी समझते हैं और नीतीश कुमार के चहेते भी।
लालू राबड़ी सहित बेटे भी फंसे
सबकुछ सामान्य चल रहा था कि अचानक पूरे परिवार पर बेनामी संपत्ति और भ्रष्टाचार के पुराने मामलों की आंच तेज हो गई । इनकम टैक्स, ईडी और अब सीबीआइ ने इन मामलों की जांच शुरू कर दी है, लालू की ऐसी कई संपत्तियां सील कर दीं हैं और लालू की विरासत संभालने जा रहे उनके बेटों के खिलाफ भी अब जांच शुरू हो गई है। बेटी-दामाद के अलावा तेजस्वी और तेज भी इसकी चपेट में आ गए हैं।
नीतीश की चुप्पी से खड़े हो रहे कई सवाल
लेकिन इन तमाम मामलों के बीच जिस नीतीश कुमार का दामन पकड़ लालू ने राजद को संजीवनी दी अब वही नीतीश उनसे आंखें चुराने लगे हैं। जहां बेनामी संपत्ति मामले में लालू और उनका परिवार बुरी तरह फंसा हुआ है तो वहीं इस मामले से नीतीश ने खुद को किनारा कर लिया है।
अब नीतीश कुमार के लिए धर्मसंकट यह है कि वो क्या करेंगे? लालू परिवार पर लगे काले धब्बों के बाद क्या नीतीश अपनी नाक के नीचे दागदार डिप्टी सीएम बर्दाश्त करेंगे?
तेजस्वी को बिहार का अगला सीएम बनाने की हुई थी मांग
कभी बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री राजद की वरिष्ठ नेता राबड़ी देवी ने अपने विधायकों की इस मांग का समर्थन किया था कि उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनना चाहिए।
बिहार विधानसभा के बजट सत्र के पहले दिन तेजस्वी को बिहार मुख्यमंत्री बनाने की आरजेडी विधायकों और कार्यकर्ताओं की मांग पर राबड़ी देवी ने कहा था कि 'अगर जनता चाहेगी, तो तेजस्वी अगले मुख्यमंत्री बनेंगे। लोकतंत्र में जनता ही मालिक है।'
यह भी पढ़ें: लालू यादव के लिए CBI अॉफिसर राकेश अस्थाना का नाम नया नहीं, जानिए
जदयू ने कहा था-नो वैकेंसी
तो वहीं राबड़ी के बयान पर जेडीयू के वरिष्ठ नेता श्याम रजक ने पलटवार करते हुए कहा था कि बिहार में मुख्यमंत्री पद के लिए कोई 'वैकेंसी' नहीं है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को बोलने का अधिकार है।महागठबंधन के नेता मुख्यमंत्री नीतीश कुमार हैं।
हालांकि बाद में तेजस्वी यादव ने खुद इस बयान से किनारा करते हुए कहा था कि अभी बिहार में महागठबंधन की सरकार ठीक ढंग से चल रही है और मुख्यमंत्री पद के लिए कोई 'वैकेंसी' नहीं है।
यह भी पढ़ें: पटना विश्वविद्यालय के शताब्दी समारोह में शामिल होंगे पीएम नरेंद्र मोदी