Bihar Politics: 17 अप्रैल से चुनावी रण में कूदेंगे लालू यादव, बेटी रोहिणी के लिए कर सकते हैं पहली जनसभा
राजद सुप्रीमो लालू यादव 17 अप्रैल से चुनाव-प्रचार शुरू करेंगे। लालू यादव अपनी पहली सभा बेटी रोहिणी आचार्य के लोकसभा क्षेत्र सारण में कर सकते हैं। राजद ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। लेकिन सिवान से राजद का कौन उम्मीदवार होगा? इसपर अभी कुछ भी साफ नहीं है। इस बीच राजद सूत्रों ने बताया कि 17 अप्रैल से लालू यादव के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है।
राज्य ब्यूरो, पटना। राष्ट्रीय जनता दल सुप्रीमो लालू प्रसाद 17 अप्रैल से चुनाव प्रचार शुरू करेंगे। लालू प्रसाद की पहली सभा बेटी रोहिणी आचार्य के क्षेत्र सारण में संभावित है। राजद ने अपने प्रत्याशियों की घोषणा कर दी है। सिवान से राजद का कौन उम्मीदवार होगा इसका निर्णय अभी शेष है।
इस बीच राजद सूत्रों ने बताया कि 17 अप्रैल से लालू प्रसाद के चुनाव मैदान में उतरने की संभावना है। वे सारण से प्रचार शुरू कर सकते हैं। अभी राजद की ओर से पार्टी के वरिष्ठ नेता और लालू पुत्र तेजस्वी यादव ने प्रचार का मोर्चा संभाला हुआ है।
तेजस्वी यादव के साथ विकासशील इंसान पार्टी के अध्यक्ष मुकेश सहनी भी प्रचार में जुटे हुए हैं। लालू प्रसाद के चुनाव मैदान में उतरने से इसमें नया रंग और गर्मी आने की संभावना जताई जा रही है।
राजद प्रदेश अध्यक्ष से मिलने पहुंचे कांग्रेस के बिहार प्रभारी
बिहार कांग्रेस प्रभारी मोहन प्रकाश ने गुरुवार को प्रदेश राजद अध्यक्ष जगदानंद सिंह से राजद कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। दो पुराने नेताओं के बीच हुई मुलाकात के दौरान कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष डा. अखिलेश प्रसाद सिंह, पूर्व अध्यक्ष मदन मोहन झा भी उपस्थित रहे।
राजद कार्यालय पहुंचने पर जगदानंद सिंह ने मोहन प्रकाश शॉल ओढ़ाकर गुलदस्ता देकर किया। जगदानंद सिंह और मोहन प्रकाश पुराने समाजवादी हैं। दोनों नेताओं ने मुलाकात के दौरान छात्र जीवन में बनारस में बिताए दिन भी याद किए।
मुलाकात के दौरान बिहार में अधिक से अधिक सीटों पर महागठबंधन की जीत सुनिश्चित करने की रणनीति पर विमर्श किया गया। दोनों नेताओं ने विभिन्न लोकसभा क्षेत्रों से मिल रहे फीडबैक को महागठबंधन उम्मीदवारों के अनुकूल बताते हुए अधिक से अधिक सीटों पर महागठबंधन की जीत की संभावना व्यक्त की।
झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे तेजस्वी : सेतु
जदयू के मीडिया पैनलिस्ट व प्रदेश महासचिव ओम प्रकाश सिंह सेतु ने गुरुवार को कहा कि राजद नेता तेजस्वी यादव चुनावी सभाओं के माध्यम से झूठ और भ्रम फैलाने की राजनीति कर रहे।
सेतु ने कहा कि किसी भी राज्य में कोई भी निर्णय मुख्यमंत्री द्वारा लिया जाता है। इसके लिए सरकार के नियम-कायदे बने हुए हैं। उन्हीं नियमों का पालन करते हुए मुख्यमंत्री ने सभी काम किए हैं।
सेतु ने दावा किया कि पूर्व उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव कहना कि बिहार में युवाओं को नौकरी उन्होंने दिलायी यह सफेद झूठ के अलावा कुछ भी नहीं।
यह भी पढ़ें: Bihar Politics: राजवल्लभ की भागलपुर से पटना वापसी, बढ़ गई RJD की परेशानी; श्रवण कुशवाहा भी टेंशन में!