यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 29, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
राबड़ी का फूटा गुस्सा, कहा- मेरे बेटे से डर गए थे नीतीश, धोखा देकर फंसाया
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने कहा है कि नीतीश कुमार मेरे बेटे तेजस्वी यादव से डर गए थे और उन्होंने बीजेपी से मिलकर मेरे बेटे को फंसा दिया।

पटना [जेएनएन]। भाजपा के साथ नई सरकार बनाते ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार राजद के निशाने पर आ गए हैं। लालू और तेजस्वी के बाद पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी ने भी हमला बोल दिया है। उन्होंने नीतीश को धोखेबाज करार दिया और कहा कि मेरे बेटों के बढिय़ा काम से घबरा कर साजिश के तहत फंसाया गया है। राबड़ी के मुताबिक नीतीश को लगने लगा था कि तेजस्वी उनकी कुर्सी हथिया सकता है।
लालू परिवार पर अबतक हुई सारी कार्रवाइयों के लिए राबड़ी ने नीतीश को ही जिम्मेवार ठहराया। कहा कि पहले साजिश रचकर पति को चारा घोटाले में फंसाया और बेटे-बेटियों को परेशान कर रहे हैं। मेरे घर में सीबीआइ छापे भी नीतीश की अनुमति के बाद ही पड़े।
राबड़ी ने छापेमारी के दौरान नीतीश की बीमारी को भी बहाना बताते हुए कहा कि कौन सी बीमारी थी कि उन्हें अचानक राजगीर जाना पड़ा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि नीतीश ने मेरे बेटे को पहले से ही टारगेट कर रखा था। इसलिए भाजपा के साथ मिलकर साजिश रची।
बेनामी संपत्ति के आरोपों को खारिज करते हुए राबड़ी ने कहा कि देश में किस नेता के पास संपत्ति नहीं है। खुद नीतीश के पास कम संपत्ति है क्या? उन्होंने जांच की चुनौती देते हुए कहा कि अब तो केंद्र में भी नीतीश कुमार की ही सरकार है। क्या अपनी और देश के अन्य नेताओं की संपत्ति की जांच कराएंगे?
यह भी पढ़ें: बिहार में बहार हो, नीतीशे कुमार हो
राबड़ी ने नीतीश पर विश्वास करने की वजह भी बताई। उन्होंने कहा कि भाजपा छोड़कर आए थे। इसलिए हमें भरोसा था, लेकिन वह दगाबाज निकले। राबड़ी ने दावा किया कि वह सीबीआई से नहीं डरती हैं। जहां हाजिर होने के लिए कहा जाएगा, वहां जाएंगे। सरकार में हमारा कोई हस्तक्षेप नहीं था। हमने किसी तरह का दबाव नहीं डाला।