विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 08, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

दूसरी हरित क्रांति का अग्रदूत बनेगा बिहार : नीतीश

By Edited By:
Published: Fri, 08 Feb 2013 12:32 AM (IST)

News Article Hero Image

मृत्युंजय/राजेश, बिहारशरीफ : मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा है कि बिहार देश में दूसरी हरित क्रांति का अग्रदूत बनेगा। जैविक उपादानों को इसका हथियार बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि कृषि, पशुपालन व डेयरी का एक संयुक्त फेडरेशन बनेगा। फेडरेशन किसानों के उत्पादों की पैकेजिंग व मार्केटिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करेगा। फेडरेशन के माध्यम से किसानों के उत्पादों को राज्य व देश से बाहर निर्यात की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा कि कृषि को समृद्ध तथा लाभकारी बनाने के लिए और नियोजित तरीके से प्रयास की जरूरत है।

मुख्यमंत्री गुरुवार को जिले के सिलाव प्रखंड के सारिलचक व बिहारशरीफ के सोहडीह गांवों में किसानों से सीधा संवाद कर खेती बारी की जमीनी हकीकत को परख रहे थे। उन्होंने मौके पर उपस्थित विभागीय अधिकारियों से कहा कि प्रत्येक गांव स्तर पर विभिन्न समूहों के किसानों का संगठन बनाकर उन्हें जिला स्तर पर एक फेडरेशन से जोड़ा जाए। फेडरेशन को किसानों के लिए बाजार उपलब्ध कराने तथा नई कृषि तकनीकों को गांवों में लागू करने को जिम्मेदार तथा सशक्त बनाया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों की हर स्तर पर मदद को तैयार है।

उन्होंने किसानों को जैविक व मशरूम की खेती के लिए प्रेरित किया। साथ ही पशुपालन को बढ़ावा देने पर बल देते हुए कहा कि इससे जहां उनके घरों में दूध की उपलब्धता बढ़ेगी वहीं वर्मी कम्पोस्ट खाद बनाने में भी उन्हें सहूलियत होगी। किसान गोबर गैस को ईंधन के रूप में भी आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि अगर किसानों को घर बैठे ही देशी खाद पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध हो जाए तो रासायनिक खादों पर उनकी निर्भरता खत्म हो जाएगी। सीएम ने कहा कि सरकार पशु खरीद पर भी भारी अनुदान दे रही है। किसानों को इसका लाभ उठाना चाहिए।

इसके पूर्व वह सारिलचक गांव पहुंचे, जहां महिला किसानों ने स्वागत गीत से उनका शानदार अभिनंदन किया। बाद में उन्होंने वहां की कुछ महिला किसानों के वर्मी कंपोस्ट यूनिट व मशरूम स्पान लैबों का मौके पर मुआयना किया। गांव के किसानों से श्री विधि से धान व गेहूं की खेती के बारे में भी जानकारी प्राप्त की। वहां उन्होंने कई किसानों से बातचीत की और उनकी समस्याओं से रूबरू हुए। सारिलचक की मशरूम उत्पादक महिलाओं ने उन्हें उत्पादों के लिए समुचित बाजार न होने की समस्या से अवगत कराया। बाद में उन्होंने सोहडीह जाकर वहां के प्रगतिशील किसानों से बातचीत कर जैविक आलू तथा शिमला मिर्च का मुआयना किया। राजगीर प्रखंड के पंडितपुर गांव स्थित एक मशरूम स्पान लैब का भी उन्होंने मौके पर मुआयना किया। सीएम के साथ राज्यसभा सांसद आरसीपी सिंह, स्थानीय सांसद कौशलेन्द्र कुमार, सताधारी दल के मुख्य सचेतक श्रवण कुमार, विधायक राजीव रंजन के साथ कृषि विभाग के प्रधान सचिव, डीएम संजय कुमार अग्रवाल व एसपी निशांत कुमार तिवारी सहित कई नेता व राज्यस्तर के आलाधिकारी मौजूद थे।

मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।