विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

वैलेंटाइन डे पर युवक-युवतियों को गाड़ी से खींचा, दौड़ाकर बेरहमी से पीटा

By Kajal KumariEdited By:
Published: Wed, 15 Feb 2017 09:30 AM (IST)Updated: Wed, 15 Feb 2017 10:09 PM (IST)

मुजफ्फरपुर में दिन-दहाड़े विहिप के कार्यकर्ताओं की गुंडागर्दी देखने को मिली, कार्यकर्ताओं ने वेलेंटाइन डे मना रहे युवक-युवतियों को गाड़ी से निकालकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा।

वैलेंटाइन डे पर युवक-युवतियों को गाड़ी से खींचा, दौड़ाकर बेरहमी से पीटा
वैलेंटाइन डे पर युवक-युवतियों को गाड़ी से खींचा, दौड़ाकर बेरहमी से पीटा

मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। वेलेंटाइन डे पर कई संगठनों के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मिठनपुरा क्षेत्र के जुब्बा सहनी पार्क इलाके में एक साथ घूम रहे युवक-युवतियों को दौड़ाकर पीटा। अभद्र व्यवहार भी किया। सैकड़ों की संख्या में आए कार्यकर्ताओं ने जुब्बा सहनी पार्क, सातपुरा, मिठनपुरा और कलमबाग चौक माड़ीपुर समेत शहर के कई जगहों पर जमकर उत्पात मचाया।

कार्यकर्ताओं की दिनदहाड़े गुंडागर्दी होती रही, लेकिन पुलिस को भनक तक नहीं लगी। कार्यकर्ता शहर में बाइक से घूम-घूमकर उत्पात मचाते रहे, लेकिन किसी ने विरोध करने की हिम्मत नहीं जुटाई। मिठनपुरा पुलिस जब जुब्बा सहनी पार्क पहुंची तो उपद्रवी जा चुके थे।

पुलिस की जांच में पता चला कि विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल से जुड़े कार्यकर्ताओं ने इस तरह की घटना को अंजाम दिया है। हालांकि दोनों संगठनों ने मारपीट की घटना से इन्कार किया है।

जुब्बा सहनी पार्क में मची भगदड़

दोपहर जुब्बा सहनी पार्क में युवक-युवती घूम रहे थे। अचानक बाइक सवार सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने आकर मारपीट शुरू कर दी। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौके से धराए एक युवक की इतनी पिटाई कर दी कि उसके मुंह से खून निकलने लगा।

ऑटो व स्कॉर्पियो से खींच पीटा

पार्क के समीप एक युवती ऑटो में जा रही थी। कार्यकर्ताओं ने उसके बाल पकड़कर ऑटो से खींच लिया। अभद्र व्यवहार करते हुए जमकर पिटाई कर दी। जान बचाने के लिए वह दुकान में घुसी। लेकिन उपद्रवियों ने उसे वहां भी पकड़ लिया। इस दौरान एक स्कॉर्पियो में बैठी युवती को उतारकर मारपीट की गई।

यह भी पढ़ें: DM की वाइफ बताती है यह हाई प्रोफाइल महिला, CM तक को किया फोन

सातपुरा में बाइक सवार को पीटा सातपुरा इलाके में पल्सर पर एक युवक और युवती जा रहे थे। कार्यकर्ताओं ने ओवरटेक कर रोक लिया। दोनों की जमकर पिटाई कर दी। दोनों को अपने-अपने घर लौटने की चेतावनी देकर जाने दिया।

कलमबाग में बाइक छोड़ भागे

कलमबाग इलाके में एक स्कूटी पर युवक-युवती अघोरिया बाजार की तरफ जा रहे थे। इसी दौरान संगठन के लोग उन्हें आते दिखे। वे लोग दूर से पकड़ो, मारो चिल्लाते हुए आ रहे थे। इससे डरकर स्कूटी वहीं पर छोड़ युवक-युवती एक गली में घुस गए। उन लोगों के जाने के बाद दोनों ने वापस आकर अपनी स्कूटी ली।

यह भी पढ़ें: RJD MLA के मोबाइल से महिला को धमकी, अश्लील बातचीत का ऑडियो वायरल

माड़ीपुर में डंडे से पीटा

माड़ीपुर इलाके में युवक को युवती से बातचीत करते देख डंडे से पिटाई कर दी गई। युवती बार-बार उसे छोडऩे की मिन्नत करती रही। लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी। जख्मी होने के बाद युवती के शोर मचाने के बाद युवक को छोड़ा गया।

कहा - नगर डीएसपी ने

कानून हाथ में लेने वाले छोड़े नहीं जाएंगे। उपद्रवियों की पहचान कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

-आशीष आनंद, नगर डीएसपी

कहा - विहिप के जिलाध्यक्ष ने

वेलेंटाइन डे का शांतिपूर्ण तरीके से विरोध किया जा रहा था। मारपीट की घटना हमारे कार्यकर्ताओं ने नहीं की है।

-कुंदन कुमार, जिलाध्यक्ष, विहिप

कहा विहिप के प्रमुख ने-

पाश्चात्य संस्कृति का शांतिपूर्ण विरोध किया जा रहा था। मिठनपुरा में मारपीट की घटना में हमारे कार्यकर्ता नहीं थे।

-जवाहर झा, धर्म प्रसार

क्षेत्र सह प्रमुख, विहिप