यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
फोटोकॉपी की दुकान में छापा जा रहा था जाली नोट, पुलिस ने किया भंडाफोड़
बिहार के मुजफ्फपुर में पुलिस ने जाली नोट बनाने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने 77 हजार के जाली नोट, स्कैनर और सादा कागज जब्त किया है।

मुजफ्फरपुर [जेएनएन]। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के बेरई गांव से शराब माफिया राजा साह के ठिकाने से पुलिस ने 77 हजार रुपये के जाली नोट बरामद किए। इसमें 100, 50 और 20 रुपये के नोट हैं। मौके से शराब माफिया, उसका भाई फुलबाबू साह और दो अन्य फरार हो गए।
उसकी स्टेशनरी व कोल्डड्रिंक की दुकान से हाइ क्वालिटी का प्रिंटर और 320 रुपये के असली नोट जब्त किए गए। इन्हीं असली नोट से वह जाली नोट प्रिंटर से प्रिंट करता था। इसमें इस्तेमाल होने वाले सफेद कागज के कई बंडल भी मिले। दोनों भाइयों के साथ दो अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तारी को लेकर छापेमारी की जा रही है।
एक ही नंबर के कई नोट
बुधवार की देर रात पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दोनों भाई अपने दुकान में जाली नोट छापने का धंधा कर रहे हैं। हथौड़ी थानेदार योगेंद्र प्रसाद ने पुलिस टीम के साथ छापेमारी की। रात के अंधेरे का फायदा उठाकर सभी भाग निकले। मौके पर जांच में पुलिस को प्रिंटर पर 100 के तीन और 20 रुपये का एक असली नोट रखा मिला।
सभी नोटों को एक टेप से प्रिंटर के शीशे पर चिपकाया गया था। इससे प्रिंटर के जरिए नोटों का प्रिंट निकाला जाता था। इसमें एक ही नंबर के कई नोट मिले। एक ए फोर साइज के कागज पर कुल पांच नकली नोट की फोटो कॉपी निकाली गई थी। इसी तरह कुल दो सौ से अधिक पेज पर नोटों की फोटो कॉपी मिली।
दुकान की आड़ में धंधा
शराब माफिया राजा साह स्टेशनरी और कोल्डड्रिंक दुकान की आड़ में जाली नोट का धंधा कर रहा था। उस पर पूर्व में शराब और गोलीबारी समेत कई मामले दर्ज हैं। पुलिस से छिपकर वह जाली नोट के धंधे में लगा था। इसमें उसका भाई भी पूरा साथ दे रहा था।
रात के अंधेरे में करता था जेरॉक्स
पुलिस का कहना है कि रात के अंधेरे में जाली नोट जेरॉक्स करने का धंधा करते थे। करीब 11 बजे से यह खेल शुरू होता जो सुबह के तीन बजे तक चलता था।
बरामद जाली नोट
-100 रुपये के तीन असली नोट नंबर क्रमश: 8डीजे 679251, 8डीजे 679252, 8डीजे 679253। इन्हीं नंबर के 84 जाली नोट।
-50 रुपये के नकली नोटों की संख्या 81। नंबर क्रमश: 7सीपी, 095866, 4सीपी 426526 और 4सीपी 138067।
-20 रुपये का एक असली नोट, नंबर 60एच 34 8481। इसी संख्या के 28 जाली नोट।
-इसके अलावा कुल 60 हजार रुपये से अधिक के जाली 100 के नोट जब्त।
