यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 12, 2016 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
स्टेशन पर पकड़ी गई बेटिकट बकरी, थाना का लगा चक्कर, जुर्माना देकर छूटी
बिहार के गया स्टेशन पर एक बेटिकट बकरी पकड़ी गई। बाद में उसे लगेज टिकट बनवाकर टाटा भेजा गया। इसके ...और पढ़ें

गया [जेएनएन]। ऐसा शायद पहली बार हुआ कि गया जंक्शन पर टिकट चेकिंग के दौरान कोई बेटिकट बकरी पकड़ी गई। घटना गुरूवार की है। बाद में उसका लगेज टिकट बना और वह अपने मालिक के साथ ट्रेन से टाटा गई। इसके पहले गंदगी फैलाने के जुर्म में जुर्माना भी वसूला गया।
ऐसे पकड़ में आया मामला
हुआ यूं कि टाटा जाने के लिए मो. अरबाज एक बकरी लिए प्लेटफार्म नंबर 3 पर बैठा था। वह उसको भूसी खिला रहा था। बकरी भी मजे से खाए जा रही थी। साथ-साथ मल-मूत्र का भी त्याग कर रही थी।
इधर, 12330 नई दिल्ली-पश्चिम बंगाल संपर्क क्रांति एक्सप्रेस में बीमार यात्री का इलाज करने रेलवे अनुमंडल अस्पताल के अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. वीवी सिंह प्लेटफार्म नंबर 3 पर आ रही संपर्क क्रांति में बीमार यात्री को अटेंड करने पहुंचे। उनकी नजर बकरी द्वारा फैलाई जा रही गंदगी पर पड़ गई।
सीआइटी को दी गई सूचना
डाॅ. सिंह ने (सीआइटी) प्रशासन यूपी सिन्हा को इसकी सूचना देते हुए गंदगी फैलाने के आरोप में बकरी मालिक के विरूद्ध कार्रवाई करने की बात कही। सूचना पर पहुंचे टीसी मनोज कुमार तथा नंदलाल कुमार ठाकुर ने बकरी लिए मो. अरबाज से जुर्माना भरने को कहा। लेकिन, उसके पास पैसे नहीं थे।
रेल थाना लाई गई बकरी
जुर्माना नहीं भरने की दशा में टीसी बकरी के साथ मो. अरबाज उर्फ राजू को रेल थाना ले आए। बकरी को थाना के बाहर बांध दिया गया तथा रेल थानाध्यक्ष राजकुमार से कार्रवाई को कहा। थानाध्यक्ष ने इसे जीआरपी नहीं, आरपीएफ का काम बता पल्ला झाड़ लिया।
नियम का हवाला दे वसूला जुर्माना
टीसी ने नियम का हवाला देते हुए मो. अरबाज से बकरी को टाटा ले जाने के लिए बुकिंग लगेज टिकट की मांग की। टिकट नहीं रहने पर बकरी या बेटिकट माना गया। इसके बाद टीसी ने ईएफटी नंबर 667398 काटकर मो. रिजवान को थमा दिया। इसके पहले टीसी ने गंदगी फैलाने के लिए तीन सौ रुपये का जुर्माना लिया।
...अंतत: पार्सल से बना बकरी का टिकट
मुख्य पार्सल पर्यवेक्षक आरएन सिन्हा से बताया कि बाद में 18104 अमृतसर-टाटा एक्सप्रेस से टाटा के लिए बकरी को बुक कराया गया, जिसके लिए 93 रुपये लिये गये।
मो. रिजवान ने बताया कि उनका जुगसलाई (टाटा) में एक नाज होटल चलता है। बकरी को वहीं ले जा रहे थे।