यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 16, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
बक्सर से दिल्ली का सफर केवल सवा तीन घंटे में
ट्रेनों के लेट परिचालन झेल रहे यात्रियों से अगर कहा जाए कि बक्सर से दिल्ली की दूरी

बक्सर। ट्रेनों के लेट परिचालन झेल रहे यात्रियों से अगर कहा जाए कि बक्सर से दिल्ली की दूरी महज तीन घंटे में तय होगी, तो उन्हें यह बात कतई हजम नहीं होगी। वर्तमान स्थिति में तो यह सपने जैसा ही है। परंतु, भविष्य में अभी असंभव लगने वाली यह बात हकीकत में बदल सकती है। दरअसल, केंद्र सरकार के दिल्ली-कोलकाता हाईस्पीड कॉरीडोर पर सुगबुगाहट शुरू हो चुकी है। स्पेन की एक फर्म इस कॉरीडोर का सर्वे कर रही है, जिसमें रूट कॉस्ट समीक्षा में लखनऊ, वाराणसी, पटना, वर्दमान और आसनसोल जैसे स्टेशनों के साथ बक्सर को भी शामिल किया गया है।
रूट कॉस्ट समीक्षा में दी गई जानकारी के अनुसार बक्सर से दिल्ली तक की 870 किलोमीटर की दूरी केवल सवा तीन घंटे में तय की जा सकेगी। अभी यह दूरी तय करने में 14 से 15 घंटे लगते हैं। बक्सर से वाराणसी की दूरी आधे घंटे व लखनऊ की दूरी भी दो घंटे से कम समय में पूरी की जा सकेगी। पटना से भी मिनटों का फासला रह जाएगा। वहीं, वाराणसी से दिल्ली की 720 किलोमीटर की दूरी बुलेट ट्रेन के जरिए सिर्फ 2 घंटे 37 मिनट में ही पूरी की जा सकेगी। फिलहाल इस सफर को तय करने में लगभग 12 घंटे लगते हैं। केंद्र की मोदी सरकार का बुलेट ट्रेन चुनावी एजेंडा रहा है और सरकार इस प्रोजेक्ट को काफी गंभीरता से ले रही है।
बजट में हो चुकी है घोषणा
देश में तीन हाईस्पीड रेल कॉरीडोर बनाने की घोषणा बजट में हो चुकी है। इसके लिए कंसल्टेंट भी नियुक्त किए जा चुके हैं। तीन कॉरीडोर में एक मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन कॉरीडोर पर काम शुरू भी हो चुका है। मुंबई-नागपुर प्रोजेक्ट भी अग्रिम चरण में है। जबकि, कोलकाता-दिल्ली हाई-स्पीड कॉरीडोर में कंसल्टेंट अपनी रिपोर्ट जल्द मंत्रालय को सौंपने वाले हैं। इसी प्रोजेक्ट में बक्सर शामिल है।
स्पेन की फर्म ने सौंपी रिपोर्ट
दिल्ली-कोलकाता रूट पर बुलेट ट्रेन दौड़ाने का सर्वे कार्य स्पेन की फर्म एमएस इनेको-टिप्सा-आइसीटी को दिया गया था। फर्म का सर्वे कार्य एडवांस चरण में है और दो दिन पहले ही फर्म ने हाई स्पीड रेल कॉर्पोरेशन और रेलवे बोर्ड को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट भी सौंपी है। इसमें परियोजना पर आने वाले लागत खर्च, परिचालन खर्च व अनुकूल राजस्व के लिए संभावित भाड़े का भी जिक्र किया गया है। रेलवे के एक अधिकारी ने बताया कि इस रिपोर्ट की समीक्षा के आधार पर आगे का परियोजना ढांचा तैयार होगा।
ऐसी है रिपोर्ट की रूपरेखा
बुलेट ट्रेन के लिए सामान्य ट्रैक से अलग आधारभूत ढांचा का निर्माण करना होगा। स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म भी इसके हाईटेक होंगे। जाहिर है, इसमें बड़ा निवेश होगा और उसके अनुसार किराया भी तय होगा। रिपोर्ट के अनुसार, बुलेट ट्रेन का किराया सामान्य से काफी अधिक होगा और यह प्रति किलोमीटर चार से साढ़े चार रुपये के आसपास हो सकता है। ऐसे में दिल्ली वाराणसी तक किराया तीन हजार और बक्सर का साढ़े तीन से चार हजार रुपये तक हो सकता है।