यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 15, 2017 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
हत्या के मामले में पति गया था जेल, 21 साल बाद मायके में जिंदा मिली पत्नी
बिहार के भागलपुर में 21 साल पहले मरी एक महिला जिंदा मिली है। महिला की हत्या के मामले में उसके पति को जेल तक जाना पड़ा था।

भागलपुर [जेएनएन]। पुलिस ने जिस महिला को मुर्दा मान लिया था, 21 साल बाद वह जिंदा मिली। सूचना मिलने के बाद भागलपुर जिले के सन्हौला थाने की पुलिस ने उक्त महिला प्रतिमा देवी को बांका जिले के पंजवारा से हिरासत में लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को जेल की हवा भी खानी पड़ी थी।
जानकारी के अनुसार पंजवारा निवासी प्रतिमा देवी की शादी सन्हौला थाना क्षेत्र के अमडीहा गांव निवासी सुरेश यादव के साथ हुई थी। शादी के बाद सुरेश और प्रतिमा के बीच विवाद होने लगा। इसी बीच प्रतिमा लापता हो गई। इसके बाद प्रतिमा के भाई क्रांति यादव ने 22 मई 1996 को सन्हौला थाने में प्रतिमा की हत्या कर शव गायब की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
हत्या के बाद सन्हौला पुलिस ने सुरेश यादव को जेल भी भेज दिया था। जेल से चार-पांच माह के बाद आने के बाद वह न्यायालय की चक्कर लगा रहा था। इसी बीच सुरेश को महिला के जिंदा होने की जानकारी मिली। उसने इसकी सूचना सन्हौला पुलिस को दी। इसके बाद इस रहस्य पर से पर्दा उठा।
पंजवारा थानाध्यक्ष विमल कुमार ने बताया कि महिला को सन्हौला पुलिस के हवाले कर दिया गया है। पुलिस सभी बिन्दुओं की जांच कर रही है। फिलहाल सुरेश ने प्रतिमा के मिलने से राहत की सास ली है।
यह भी पढ़ें: कोर्ट की सुरक्षा में सेंध लगा हाजत में बंद कैदी को दे रहा था कारतूत, हुआ गिरफ्तार
पति ने बेच दिया था
प्रतिमा देवी ने बताया कि सुरेश यादव ने उसे दस हजार में मेरठ में एक व्यक्ति को बेच दिया था। वह मेरठ में ही शादी कर रह रही थी। इसी बीच घूमने के ख्याल से मायका पंजवारा आई थी।
यह भी पढ़ें: पत्नी का था अवैध संबंध, सुसाइड का वीडियो रिकॉर्ड कर पति ने छोड़ा मैसेज
