यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 02, 2013 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
गड्डियों से निकल रहे नकली नोट

केस स्टडी एक : बड़ी खंजरपुर निवासी एक प्राइवेट फर्म के कर्मचारी सुरेश साह ने इलाहाबाद बैंक, मेन ब्रांच से 25 हजार के चेक का भुगतान कराया। बैंक में खजांची ने उन्हें 1000 रुपये के 25 नोट दिए। उन्होंने रुपये बिना जांच किए रख लिए। उसी दिन जब वे शहर के एक पेट्रोल पंप पर तेल भराने गए तो हजार रुपये का एक नोट जाली निकला। जब वे दोबारा बैंक नोट वापस करने गए तो खजांची ने नोट लेने से इन्कार कर दिया।
केस स्टडी दो : भीखनपुर के सुरेश सिंह खलीफाबाग चौक स्थित बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम से 10 हजार रुपये निकाले। इसे फिर दूसरे बैंक में जमा कराने गए तो काउंटर पर पांच सौ का एक नोट नकली निकला। खजांची ने उस नोट पर पेन से क्रास लगा दिया। सुरेश यह कहते रह गया कि उसने यह नोट एटीएम से निकाला है, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी।
जागरण प्रतिनिधि, भागलपुर : शहर के कई बैंकों में अगर आप निकासी कर रहे हैं तो संभव है गड्डी में एक-दो नोट नकली हों। इन दिनों ऐसे कई मामले सामने आ रहे हैं। हजार के जाली नोट कई ग्राहकों को मिल रहे हैं। मजे की बात यह है कि जब इस नोट को बाद में उसी बैंक में वापस करने कोई जाता है तो बैंक उसे लेने से इन्कार कर देता है। यही नहीं, उल्टे ग्राहकों को ही ढेर सारी नसीहत दे दी जाती है। बैंक में ही नहीं, एटीएम से भी नकली नोट निकलने के मामले सामने आ रहे हैं।
नियमों से ग्राहकों को हो रहा नुकसान
यदि कोई ग्राहक बैंक से रुपये निकाल रहा है तो उसे काउंटर पर ही रुपये चेक करने होंगे। बैंकों का यह नियम ग्राहकों को भारी पड़ रहा है। आम तौर पर ग्राहक हड़बड़ी में होते हैं, काम हुआ और निकल पड़े। ग्राहकों को यकीन रहता है कि बैंक की नोट मशीन से जांची होती है। अगर बैंक नोट जांचने की मशीन काउंटर के अंदर न रख बाहर रखे तो ग्राहक धोखा खाने से बच जाएंगे।
----------------
असली की पहचान
- नोट पर सुरक्षा धागा रहता है
- वाटर मार्क खिड़की रहती है
- नोट पर गुप्त फोटो दिखाई देता है
- दोनों और छपे चिह्नों का सटीक मेल
--------------------
बरतें सावधानी
- 1000 व 500 के नोट की जांच कर लें
- काउंटर पर नोट गिनने के दौरान ही बारीकी से जांच लें
- असली नोट में चमक ज्यादा होती है
-----------------------
कैसे और कहां करें शिकायत
- सबसे पहले ब्रांच में शिकायत दर्ज कराएं जहां से भुगतान हुआ है
- शाखा में जाकर लिखित आवेदन दें। शिकायत की एक कॉपी अपने पास रखें
- कई एटीएम सेंटर पर टेलीफोन भी लगे होते है, इससे कॉल करके आप सीधे बैंक के कॉल सेंटर में भी शिकायत दर्ज करा सकते हैं। कॉल सेंटर का नंबर वहीं दर्ज रहता है
- बैंक हर दिन एटीएम में लगे कैमरे से हर ग्राहक के लेन-देन की वीडियो फुटेज को खंगालता है
- 30 दिनों के अंदर अगर कार्रवाई नहीं होती है तो ऐसी स्थिति में बैंकिंग ओम्बड्समैन से इसकी शिकायत कर सकते हैं
- इसके लिए इस लिंक पर जाएं- एसइसीवेब.आरबीआइ.आर्ग.इन स्लैस कंपलीटइंडेक्स.एचटीएम
- शिकायत के बाद भी बैक नोट वापस न ले तो आप सीधे रिजर्व बैंक के ओम्बड्समैन को शिकायत दर्ज करा सकते हैं
- पता है- बैंकिंग ओम्बड्समैन, रिजर्व बैंक बिल्डिंग, सेकेंड फ्लोर, संसद मार्ग, नई दिल्ली-110001, फोन- 011-23730632, फैक्स- 011-23725218
मोबाइल पर ताजा खबरें, फोटो, वीडियो व लाइव स्कोर देखने के लिए जाएं m.jagran.com पर
