यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Feb 22, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
युवा पेशेवर योजना के तहत 2400 भारतीयों को ब्रिटेन के लिए मिलेगा वीजा, सुनक सरकार ने लगाई मुहर
औपचारिक रूप से पिछले महीने शुरू की गई यह योजना 18 से 30 वर्ष के बीच के भारतीय नागरिकों को ...और पढ़ें

लंदन, पीटीआई। ब्रिटेन-भारत युवा पेशेवर योजना के तहत इस महीने के अंत में पात्र भारतीयों के लिए 2,400 वीजा उपलब्ध कराए जाएंगे। ब्रिटेन सरकार ने मंगलवार को यह घोषणा की। औपचारिक रूप से पिछले महीने शुरू की गई यह योजना 18 से 30 वर्ष के बीच के भारतीय नागरिकों को ब्रिटेन में दो साल तक रहने और काम करने की अनुमति देती है।
प्रतिभाशाली युवाओं को मिलेगा अवसर
बता दें कि नई दिल्ली स्थित ब्रिटिश उच्चायोग ने नई योजना के लिए विस्तृत पात्रता मानदंड जारी करते हुए कहा कि यह 18-30 वर्ष की आयु के बीच भारत के सबसे प्रतिभाशाली युवाओं के लिए ब्रिटेन का सर्वश्रेष्ठ अनुभव करने का एक उत्कृष्ट अवसर है।
पिछले साल नवंबर में इंडोनेशिया में जी-20 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और ब्रिटेन के उनके समकक्ष ऋषि सुनक के बीच समझौते में पारस्परिक व्यवस्था के तहत ब्रिटिश नागरिकों को भी भारत में रहने और काम करने के लिए इसी तरह के वीजा की पेशकश की जाएगी।
28 फरवरी को शुरू होगी आवेदन प्रक्रिया
इसके लिए शुरुआत 28 फरवरी को होगी और दो मार्च तक आवेदन किए जा सकते हैं। चुने गए उम्मीदवारों को बाद में आमंत्रण में दी गई समय सीमा तक अपने वीजा के लिए आवेदन करना होगा, जो आमतौर पर 30 दिनों के भीतर होता है। सफल उम्मीदवार को अपने वीजा के लिए आवेदन करने के छह महीने के भीतर ब्रिटेन की यात्रा करनी होगी।
