ब्रिटिश राइटर एम जॉन हैरिसन ने जीता 2026 का बुकर पुरस्कार, उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए मिला सम्मान
एम. जॉन हैरिसन ने अपने रहस्यमयी और व्यंग्य से भरे उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार ...और पढ़ें

एम जॉन हैरिसन ने जीता 2026 का बुकर पुरस्कार(फोटो: X/ ऑल इंडिया रेडियो)
HighLights
एम. जॉन हैरिसन ने बुकर पुरस्कार जीता।
'द एंड ऑफ एवरीथिंग' उपन्यास के लिए मिला सम्मान।
81 वर्ष में सबसे उम्रदराज विजेता बने।
डिजिटल डेस्क, लंदन। ब्रिटेन के जाने-माने लेखक एम. जॉन हैरिसन को उनके रहस्यमयी और व्यंग्य से भरे उपन्यास 'द एंड ऑफ एवरीथिंग' के लिए प्रतिष्ठित बुकर पुरस्कार जीता है।
यह उपन्यास सर्वनाश के बाद के ब्रिटेन की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें एआई को लेकर मानवीय चिंताओं को एक डार्क सटायर के रूप में पेश किया गया है।
81 वर्ष की उम्र में हैरिसन बुकर पुरस्कार जीतने वाले अब तक के सबसे उम्रदराज लेखक बन गए हैं। इस सम्मान के साथ उन्हें 50000 पाउंड की पुरस्कार राशि मिली है।
ब्रिटिश साइंस फिक्शन जगत में दशकों से सक्रिय होने के बावजूद, यह पहली बार था जब हैरिसन की किसी किताब को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार की शॉर्टलिस्ट में जगह मिली थी। कई आलोचकों का मानना है कि उन्हें यह पहचान बहुत पहले ही मिल जानी चाहिए थी।
इन दावेदारों को पीछे छोड़कर हासिल की जीत
द बुकर प्राइजेज के अनुसार, हैरिसन ने शॉर्टलिस्ट में शामिल अन्य प्रमुख लेखकों मार्लन जेम्स, डगलस स्टुअर्ट, एलिजाबेथ स्ट्राउट, ल्यूक केनार्ड और रेबेका पेरी को पीछे छोड़कर यह मुकाम हासिल किया।
निर्णायक मंडल की अध्यक्ष मैरी बियर्ड ने लंदन में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि यह उपन्यास अपने असाधारण लेखन और बड़े दृष्टिकोण की वजह से बाकी किताबों से आगे रहा।
क्या है उपन्यास की कहानी?
यह हैरिसन का 13वां उपन्यास है, जिसकी कहानी समुद्र तट से चीजें बटोरने वाले फिलिप टेनेंट और डिमेंशिया (स्मृति लोप) से जूझ रही उनकी बेपरवाह आंटी मार्नी के इर्द-गिर्द घूमती है।
कहानी निकट भविष्य में इंग्लैंड के तटीय इलाके में घटती है, जहां आई-घेट्टी नाम की रहस्यमयी वस्तुएं आ जाती हैं। एक अज्ञात तबाही के बाद दुनिया बदल चुकी है और यूरोप महाद्वीप जैसे गायब हो गया है। इंसानों की नकल करने वाली ये वस्तुएं असल में AI और इंसानी तालमेल के गहरे सवालों को सामने लाती हैं।
मात्र 198 पन्नों के इस संक्षिप्त उपन्यास में हैरिसन ने ब्रेक्सिट, कोविड-19 महामारी और रोजमर्रा की जिंदगी में तकनीक के दखल जैसे विषयों को प्रतीकात्मक रूप में पिरोया है।
हैरिसन की विशिष्ट और अनूठी लेखन शैली में कहानी की घटनाओं से ज्यादा उसके माहौल और धीरे-धीरे बिखरती दुनिया के अहसास को प्रमुखता दी गई है।
वर्तमान समय की चिंताओं का आईना
हैरिसन ने अपनी किताब के बारे में कहा कि समसामयिक घटनाओं ने इसे विषय और व्यंग्य दिया। उन्होंने बताया कि वह 2008 के वित्तीय संकट से प्रेरित थे और यह दिखाना चाहते थे कि जब दुनिया को समझने के हमारे सारे तरीके नाकाम हो जाते हैं, तब भी इंसान अपनी जिंदगी कैसे जीता है।
निर्णायक मंडल ने बताया कि साल भर चली चयन प्रक्रिया के दौरान AI का विषय लगातार चर्चा में रहा। जजों का ध्यान ऐसी किताबों पर था जो पूरी तरह मानवीय संवेदनाओं से भरी हों और जिन्हें तकनीक या मशीनों से दोबारा नहीं रचा जा सके।
एम. जॉन हैरिसन का साहित्यिक सफर
1945 में इंग्लैंड के रग्बी में जन्मे हैरिसन साइंस फिक्शन जगत में अपनी विरिकोनियम गाथा (1971–1984) और लाइट (2002) जैसे प्रसिद्ध उपन्यासों के लिए जाने जाते हैं।
अंग्रेजी में लिखे गए और ब्रिटेन या आयरलैंड में प्रकाशित सर्वश्रेष्ठ उपन्यासों को दिए जाने वाले इस पुरस्कार के लिए इस साल कुल 163 किताबों पर विचार किया गया था।
यह भी पढ़ें- इंटरनेशनल बुकर 2026 के लिए भारतीय मूल की पद्मा विश्वनाथन हुईं शार्टलिस्ट, साहित्य जगत में बजा भारत का डंका
यह भी पढ़ें- डेविड स्जेले ने जीता 2025 का बुकर पुरस्कार, भारतवंशी किरण देसाई को पछाड़ा
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।