Move to Jagran APP

Russia-Ukraine War: 'तीसरा विश्वयुद्ध बस एक कदम दूर', पश्चिमी देशों को राष्ट्रपति पुतिन की गंभीर चेतावनी

Ukraine-Russia War छह वर्षों के लिए पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद व्लादिमीर पुतिन ने चेताया है कि दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध से बस एक कदम दूर है। पुतिन ने कहा अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो के विशेषज्ञ पहले से ही यूक्रेन में हैं और रूस से युद्ध में यूक्रेनी सेना को सलाह दे रहे हैं।

By Agency Edited By: Babli Kumari Published: Mon, 18 Mar 2024 08:00 PM (IST)Updated: Mon, 18 Mar 2024 08:00 PM (IST)
Russia-Ukraine War: 'तीसरा विश्वयुद्ध बस एक कदम दूर', पश्चिमी देशों को राष्ट्रपति पुतिन की गंभीर चेतावनी
छह वर्षों के लिए पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति पुतिन (फाइल फोटो)

मास्को, रायटर। छह वर्षों के लिए पांचवीं बार रूस के राष्ट्रपति चुने जाने के बाद व्लादिमीर पुतिन ने चेताया है कि दुनिया तीसरे विश्वयुद्ध से बस एक कदम दूर है। पुतिन की चेतावनी इसलिए महत्वपूर्ण और डराने वाली है क्योंकि वह विश्व के सर्वाधिक परमाणु हथियारों और हाइपरसोनिक मिसाइलों वाले देश के सर्वशक्तिमान नेता हैं। विश्वयुद्ध और परमाणु युद्ध से जुड़ी यह चेतावनी उन्होंने इसी महीने तीसरी बार दी है।

loksabha election banner

पुतिन ने कहा, अमेरिका के नेतृत्व वाले सैन्य संगठन नाटो के विशेषज्ञ पहले से ही यूक्रेन में हैं और रूस से युद्ध में यूक्रेनी सेना को सलाह दे रहे हैं। अगर पश्चिमी देशों ने यूक्रेन में लड़ने के लिए अपने सैनिक भेजे तो तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ने से कोई नहीं रोक सकेगा। पुतिन की इस चेतावनी को द्वितीय विश्वयुद्ध के बाद 1962 के क्यूबाई मिसाइल संकट के बाद सबसे ज्यादा गंभीर माना जा रहा है।

तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ने की है आशंका 

अमेरिका के नजदीक क्यूबा में मिसाइल तैनात करने के मुद्दे पर 1962 में तत्कालीन सोवियत संघ और अमेरिका आमने-सामने आ गए थे। पुतिन ने फिलहाल यूक्रेन में परमाणु हथियार के इस्तेमाल की जरूरत से इन्कार किया है।

राष्ट्रपति चुनाव में बड़े अंतर से जीत के बाद पुतिन ने पत्रकारों से कहा, आधुनिक विश्व में हर चीज संभव है। जो हो रहा है उससे तीसरा विश्वयुद्ध छिड़ने की आशंका है। शायद यह किसी के हित में नहीं होगा। रूसी राष्ट्रपति की यह प्रतिक्रिया फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों के यूक्रेन में नाटो के सैनिक भेजने के संकेत के बाद आई है। पुतिन ने कहा, रूसी जनता को सीधे हमले से बचाने के लिए वह यूक्रेन सीमा पर बफर जोन बनाने पर विचार कर रहे हैं।

'अमेरिका में हो रहा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं'

रूसी चुनाव की अमेरिका और यूरोप द्वारा आलोचना को खारिज करते हुए पुतिन ने कहा, अमेरिका में हो रहा चुनाव स्वतंत्र और निष्पक्ष नहीं है। वहां पर विपक्षी नेता डोनाल्ड ट्रंप को परेशान करने के लिए सरकारी ताकत इस्तेमाल की जा रही है। अमेरिका में जो हो रहा है उस पर पूरा विश्व हंस रहा है-यह लोकतंत्र नहीं है। दिवंगत नेता एलेक्सी नवलनी का पहली बार सार्वजनिक रूप से नाम लेते हुए पुतिन ने कहा, उनकी अप्रत्याशित मौत का उन्हें दुख है। बंदियों की अदलाबदली में उन्हें रिहा करने के प्रस्ताव को सरकार ने फरवरी में स्वीकृति दे दी थी। 

यह भी पढ़ें- रूस में पांचवीं बार 'पुतिन सरकार', राष्ट्रपति चुनाव में जीत के बाद Vladimir Putin ने जनता को कहा- Thank You


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.