विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पुतिन ने की पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' विजन की तारीफ, 16 साल के भारतीय AI उद्यमी से की मुलाकात

Published: Fri, 27 Nov 2026 11:46 AM (IST)

रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने मॉस्को में 16 वर्षीय भारतीय एआई उद्यमी राहुल जॉन अजू के काम की सराहना की, इसे पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' अभियान से जोड़ा। 

पुतिन ने 16 साल के भारतीय AI उद्यमी से की मुलाकात(फोटो: सोशल मीडिया)

पुतिन ने 16 साल के भारतीय AI उद्यमी से की मुलाकात(फोटो: सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, बीजिंग। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने गुरुवार को मॉस्को में आयोजित एआई जर्नी 2026 सम्मेलन के दौरान 16 वर्षीय भारतीय उद्यमी राउल जॉन अजू के काम की जमकर प्रशंसा की।

पुतिन ने एआई के क्षेत्र में अजू के प्रयासों को पीएम मोदी की महत्वाकांक्षी पहल 'मेक इन इंडिया' से जोड़ते हुए इसकी सराहना की।

युवा इनोवेटर्स के साथ पुतिन का संवाद

टीओआई के अनुसार, सम्मेलन के दौरान राष्ट्रपति पुतिन और कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव ने युवा इनोवेटर्स से बातचीत की, जिसमें एआई रीयल्म टेक्नोलॉजी के संस्थापक और मुख्य प्रौद्योगिकी अधिकारी (सीटीओ) राउल जॉन अजू का परिचय रूसी राष्ट्रपति से कराया गया।

बातचीत के दौरान पुतिन ने अजू के काम की सराहना करते हुए कहा कि अपने स्वयं के तकनीकी समाधान विकसित करने वाले युवा इनोवेटर्स 'मेक इन इंडिया' के उद्देश्यों को पूरा करने में बड़ा योगदान देते हैं।

पुतिन ने अजू से कहा कि आखिरकार उनका काम पीएम मोदी के 'मेक इन इंडिया' के आह्वान को साकार करने में मदद करता है, क्योंकि यह युवाओं को अपने समाधान खोजने और उन्हें लागू करने के लिए प्रेरित करता है।

अमेरिकी व्यापार निकाय की आलोचना के बाद आया पुतिन का बयान

पुतिन की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है जब कुछ ही दिनों पहले अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय (यूएसटीआर) ने विनिर्माण क्षेत्रों में अतिरिक्त क्षमता और उत्पादन की जांच करने वाली अपनी एक रिपोर्ट में मेक इन इंडिया सहित भारत की विनिर्माण और निर्यात नीतियों की आलोचना की थी।

अपनी धारा 301 जांच रिपोर्ट में यूएसटीआर ने कहा था कि भारत ने ऐसे कई कदम उठाए हैं जिनसे वैश्विक चिंताओं का समाधान किए बिना विनिर्माण क्षमता और उत्पादन में अत्यधिक वृद्धि हुई है।

इस रिपोर्ट में विशेष रूप से स्टील, सौर ऊर्जा, स्वास्थ्य और आईसीटी क्षेत्रों में भारत के प्रमुख 'मेक इन इंडिया' कार्यक्रम, प्रोडक्शन-लिंक्ड इंसेंटिव (पीएलआई) योजना, आत्मनिर्भर भारत पहल और इंडिया ब्रांड इक्विटी फाउंडेशन को अतिरिक्त क्षमता बढ़ाने वाले उपायों के रूप में चिह्नित किया गया था।

कौन हैं एआई किड ऑफ इंडिया राउल जॉन अजू?

ऑनलाइन दुनिया में राउल द रॉकस्टार और एआई किड ऑफ इंडिया के नाम से मशहूर अजू केरलम के रहने वाले एक किशोर हैं। खास बात यह है कि पारंपरिक इंजीनियरिंग या कंप्यूटर साइंस के बजाय कॉमर्स की पृष्ठभूमि से आने के बावजूद उन्होंने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के क्षेत्र में अपनी पहचान बनाई है।

टीओआई के अनुसार, तकनीक में उनकी रुचि करीब नौ साल की उम्र में शुरू हुई थी। स्वतंत्र रूप से सीखने और प्रयोग करने की यह शुरुआत धीरे-धीरे एआई प्रोजेक्ट्स, शैक्षणिक पहलों और एक बड़े ऑनलाइन समुदाय के रूप में विकसित हुई।

क्या है राउल जॉन अजू की उपलब्धियां?

अजू ने नॉर्थ एडापल्ली जीएचएसएस से प्लस टू कॉमर्स की पढ़ाई करने के साथ-साथ एआई प्रोजेक्ट्स पर काम जारी रखा। एआई रीयल्म टेक्नोलॉजीज के संस्थापक और सीटीओ के रूप में वे एआई उत्पाद और व्यावहारिक तकनीकी समाधान विकसित करते हैं।

उनसे जुड़े प्रमुख प्रोजेक्ट्स में थिंकक्राफ्ट, रेस्क्यू एआई और मीबॉट जैसे टूल शामिल हैं। इसके अलावा वे थिंकक्राफ्ट एकेडमी से भी जुड़े हैं, जो छात्रों और पेशेवरों को उभरती तकनीकों से परिचित कराती है।

सॉफ्टवेयर बनाने के साथ-साथ अजू ने गैर-तकनीकी पृष्ठभूमि के लोगों तक एआई को सुलभ बनाने के लिए कई कार्यशालाएं भी आयोजित की हैं। वे अब तक आठ टेडएक्स टॉक दे चुके हैं।

आईआईटी, विश्वविद्यालयों व स्कूलों में सत्र आयोजित कर चुके हैं, जिससे सोशल मीडिया पर उनके 5 लाख से अधिक फॉलोअर्स बन गए हैं।

यह भी पढ़ें- 'यह अद्भुत है', भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के मुरीद हुए पुतिन; सुनाया पीएम मोदी से जुड़ा किस्सा

यह भी पढ़ें- 'पुतिन दबाव में हैं', रूस की एक गलतफहमी से भड़क सकता नया युद्ध; UK खुफिया प्रमुख की चेतावनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।