'यह अद्भुत है', भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता के मुरीद हुए पुतिन; सुनाया पीएम मोदी से जुड़ा किस्सा
रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की जमकर तारीफ की है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ अपनी बातचीत का जिक्र करते हुए भारत की भाषाओं की बहुलता पर हैरानी जताई।

रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन।
HighLights
पुतिन ने भारत की भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की तारीफ की।
पीएम मोदी से बातचीत में भाषाओं की बहुलता पर चर्चा हुई।
भारत में 22 अनुसूचित भाषाओं को संवैधानिक मान्यता प्राप्त है।
डिजिटल डेस्क, मॉस्को। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन समय-समय पर भारत की संस्कृति और विविधता की तारीफ करते रहे हैं। बीते दिनों भी पुतिन ने एक इंटरव्यू में भारत भाषाई और सांस्कृतिक विविधता की जमकर तारीख की।
रूसी राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हुई अपनी एक बातचीत का जिक्र करते हुए भारत की भाषाई विविधता की जमकर सराहना की। उन्होंने कहा कि यह देखकर हैरानी होती है कि भारत में आधी से ज्यादा आबादी अपनी-अपनी भाषाएं बोलती है।
भारतीय सभ्यता का किया जिक्र
स्पुतनिक की रिपोर्ट के मुताबिक, इंटरव्यू में पुतिन ने कहा कि उदाहरण के लिए भारतीय सभ्यता को ही लीजिए... यह सबसे पुरानी सभ्यताओं में से एक है। यह बेहद दिलचस्प है। मैं इसके बारे में जितना ज्यादा जानता हूं, उतना ही इससे आकर्षित होता जाता हूं।
क्या हुई थी पुतिन और पीएम मोदी के बीच बातचीत?
इस दौरान पुतिन ने पीएम मोदी से जुड़ा से एक किस्सा भी सुनाया। पुतिन ने बताया कि उन्होंने हाल ही में पीएम मोदी से बातचीत के दौरान पूछा था कि भारत में कितने लोग आधिकारिक भाषा बोलते हैं।
पुतिन के अनुसार, पीएम मोदी ने जवाब दिया था कि लगभग 60 करोड़ लोग। इस पर पुतिन ने देश की कुल आबादी के बारे में पूछा, तो पीएम मोदी ने बताया कि यह डेढ़ अरब के करीब है।
यह सुनकर प्रभावित हुए थे पुतिन
रूसी राष्ट्रपति ने इंटरव्यू में बताया कि पीएम मोदी जवाब सुनकर वे बेहद प्रभावित हुए और बोले कि यानी सिर्फ एक-तिहाई आबादी ही ऐसी भाषा बोलती है। बाकी दो-तिहाई आबादी के बारे में जब मैंने पूछा, तो मोदी ने कहा कि वे अपनी-अपनी भाषाएं बोलते हैं। पुतिन ने हैरानी जताते हुए कहा कि क्या यह कमाल की बात नहीं है? यह वाकई हैरान कर देने वाला है।
भारत में भाषाओं को लेकर अहम तथ्य जानिए
इस बात को ऐसे समझा जा सकता है कि भारत में कोई एक 'राष्ट्रभाषा' नहीं है, बल्कि केंद्र स्तर पर हिंदी और अंग्रेजी दो आधिकारिक भाषाएं हैं। इसके अलावा, भारतीय संविधान की आठवीं अनुसूची में 22 अनुसूचित भाषाओं को मान्यता दी गई है, जिनमें असमिया, बांग्ला, बोडो, डोगरी, गुजराती, हिंदी, कन्नड़, पंजाबी, तमिल, तेलुगु और उर्दू जैसी भाषाएं शामिल हैं।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
गौरतलब है कि पुतिन के इस इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इससे पहले पिछले महीने 'वाल्डाई डिस्कशन क्लब' में भी पुतिन ने भारत को अनोखा, विविधतापूर्ण और एकजुट बताया था और कहा था कि भारत का आकार और विविधता हर किसी को चकित कर देती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।