कौन हैं जीशान अली, चीन की मदद से अंतरिक्ष जाने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट?
जीशान अली चीन की मदद से अंतरिक्ष में जाने वाले पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री बन गए हैं। वे चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर सात दिन बिताएंगे और विभिन्न मिशनों में शामिल होंगे।

चीन की मदद से अंतरिक्ष जाने वाले पाकिस्तान के पहले एस्ट्रोनॉट जीशान की तस्वीर (फाइल)
HighLights
जीशान अली पाकिस्तान के पहले अंतरिक्ष यात्री बने।
चीन के तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन पर सात दिन बिताएंगे।
बायोटेक्नोलॉजी, खाद्य सुरक्षा जैसे कई मिशन में शामिल होंगे।
डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। चीन की मदद से पाकिस्तान के जीशान अली ने अंतरिक्ष में कदम रखा है। उन्होंने पाकिस्तान का नाम उन चंद देशों की लिस्ट में शामिल कर दिया है जिसने ये कारनामा पहले कर दिखाया है। हालांकि भारत की बराबरी करने में उन्हें 42 साल लग गए हैं।
जीशान के साथ खुर्रम दाऊद का भी चयन हुआ था लेकिन अंतिम रूप से उन्हें ही चुना गया। चीन में दोनों की ट्रेनिंग पूरी हुई थी। जीशान ने वहां चीनी भाषा सीखी और इसके साथ ही सबसे मुश्किल काम जीरो ग्रेविटी की प्रैक्टिस की। जीशान कठिन शारीरिक प्रशिक्षण लेते हुए अंतरिक्ष यान के सिस्टम को समझे जो उन्हें मिशन के दौरान काम आएगा।
पेलोड एक्सपर्ट हैं जीशान
जीशान पेलोड एक्सपर्ट के तौर पर गए हैं। अब तक जिस चीन ने बाहरी लोगों के लिए बाहरी दरवाजे बंद रखे थे उसने अब पाक के लिए खोल दिए हैं। इस वजह से जीशान चीन के अंतरिक्ष स्टेशन पर जाने वाले पहले यात्री बने। चीन की अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार सभी अंतरिक्ष यात्री सुरक्षित हैं। इसके साथ ही लॉन्च मिशन सफल रहा। अब जीशान अंतरिक्ष स्टेशन में सात दिन बिताएंगे। इस दौरान कई मिशन में वो शामिल होंगे।
मिशन से पहले जीशान ने जाहिर की खुशी
मोहम्मद जीशान अली ने कहा कि इस ऐतिहासिक मिशन का हिस्सा बनना उनके लिए सिर्फ निजी उपलब्धि नहीं है, बल्कि यह पूरे पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का मौका भी है। उन्होंने कहा कि वो पाकिस्तान के लोगों के सपनों को अपने साथ अंतरिक्ष में ले जा रहे हैं।
पेशे से लड़ाकू विमान पायलट
विदेशी मीडिया 'सीएन स्पेस' नाम के एक्स हैंडल पर साझा किए गए एक इंटरव्यू में अली ने अपने प्रशिक्षण के अनुभव बताए। उन्होंने कहा कि लड़ाकू विमान के पायलट होने के बावजूद उन्हें कठिन शारीरिक और तकनीकी प्रशिक्षण से गुजरना पड़ा। उनके मुताबिक, अंतरिक्ष यान के सभी स्विच, सॉफ्टवेयर, प्रोग्राम और आवाज के जरिए की जाने वाली घोषणाएं चीनी भाषा में होंगी इस वजह से उन्हें रोजमर्रा की चीनी भाषा के साथ-साथ तकनीकी शब्दावली को याद करना पड़ा।
टीम से हैं खुश
जीशान अपने चीनी साथी अंतरिक्ष यात्रियों के बारे में कहते हैं कि ऐसे सहयोगी मिले हैं जो उनकी राय का सम्मान करते हैं। पाकिस्तान की अंतरिक्ष एजेंसी 'सुपारको' को देश के विश्वविद्यालयों और शोध संस्थानों से 300 से अधिक प्रस्ताव मिले थे। इन 300 में से चार प्रयोगों को चीनी विशेषज्ञों ने इस मिशन के लिए चुना।
किन-किन प्रयोगों में होंगे शामिल
जीशान जिन प्रयोगों में शामिल होंगे उनमें मुख्य रूप से बायो टेक्नोलॉजी से जुड़े काम हैं। इनका मुख्य काम खाद्य सुरक्षा, जलवायु परिवर्तन और भविष्य में अंतरिक्ष की खोज से जुड़े क्षेत्रों में नई जानकारी हासिल होगा। जीशान के लिए हलाल खाने की व्यवस्था अंतरिक्ष में की गई है। इसके साथ ही 2028 के आसपास चीन के चांग'ई-8 चंद्र मिशन के जरिए पाकिस्तान में बना एक रोवर चंद्रमा पर भेजने की योजना भी है।
पाकिस्तान को क्यों चाहिए चीन की मदद
चीन का लक्ष्य अंतरिक्ष यात्रियों को चांद पर उतारना है इसके लिए उसने 20230 का लक्ष्य रखा है। इस वजह से 2022 में अपने तियांगोंग अंतरिक्ष स्टेशन का निर्माण पूरा कर लिया। पाकिस्तान के पास इंसानों को अंतरिक्ष में भेजने के लिए अपना मानव अंतरिक्ष यान या रॉकेट नहीं है। इस वजह से उसे चीन पर निर्भरता मजबूरी है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, पाकिस्तानी अंतरिक्ष यात्री अंतरिक्ष स्टेशन पर करीब एक सप्ताह बिताएंगे।
दो दलों के साथ जीशान आएंगे वापस
जीशान अली चीनी दल के दो सदस्यों के साथ पृथ्वी पर वापस आएंगे। वहीं इस दल का तीसरा सदस्य करीब एक साल तक स्टेशन पर रहेगा। वो वहां मानव शरीर पर लंबे समय तक अंतरिक्ष में रहने के असर का अध्ययन करेगा। रॉयटर्स के मुताबिक, अब तक दुनिया के करीब 50 देशों के नागरिक अंतरिक्ष की यात्रा कर चुके हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।