पाकिस्तान के सिंध में घर के बाहर हमले में पुलिस अधिकारी की मौत, पत्नी घायल
पाकिस्तान के सिंध प्रांत के गुलशन-ए-हदीद में एक पुलिस अधिकारी जावेद अब्रो की घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई, जिसमें उनकी पत्नी घायल हो गईं।

पाकिस्तान में पुलिस अधिकारी के घर के बाहर हमला।
HighLights
सिंध में पुलिस अधिकारी जावेद अब्रो की गोली मारकर हत्या।
हमले में उनकी पत्नी गंभीर रूप से घायल, अब खतरे से बाहर।
खैबर पख्तूनख्वा में भी पुलिस चेकपोस्ट पर हमला, एक जवान शहीद।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सिंध प्रांत के गुलशन-ए-हदीद में, हथियारबंद हमलावरों ने एक पुलिसकर्मी और उनकी पत्नी को उनके घर के बाहर निशाना बनाया, जिसमें पुलिसकर्मी की मौत हो गई और उनकी पत्नी घायल हो गईं। यह दूसरी बार है जब उसी परिवार के किसी पुलिसकर्मी की हत्या हुई है।
इंस्पेक्टर जावेद अब्रो और उनकी पत्नी घर के बाहर चाय पी रहे थे, तभी बाइक पर सवार दो हथियारबंद हमलावर वहां पहुंचे। उन्होंने गोलियां चलाईं और फरार हो गए। अब्रो को कई गोलियां लगीं और अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई। इस घटना में उनकी पत्नी भी गंभीर रूप से घायल हो गईं, लेकिन बाद में बताया गया कि उनकी जान को अब कोई खतरा नहीं है।
आतंकियों का पुलिस चेकपोस्ट पर हमला
वहीं प्रेट्र के अनुसार, सोमवार को उत्तर-पश्चिमी पाकिस्तान में आतंकवादियों ने एक चेकपोस्ट पर हमला बोल दिया। हमले में एक पुलिस कर्मी मारा गया। उन्होंने तीन अन्य लोगों का अपहरण कर लिया। गोलीबारी के दौरान मारे गए पुलिसकर्मी की पहचान कांस्टेबल फिरोज अली के रूप में हुई है। यह घटना खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के हंगू जिले में एक चेकपोस्ट पर हुई। हमले की जिम्मेदारी किसी समूह या व्यक्ति ने नहीं ली है।