TikTok वीडियो शूट करने के लिए बाघिन को निकाला पिंजरे से बाहर, पाकिस्तानी युवक की गई जान; इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार
पाकिस्तान के लाहौर में एक इन्फ्लुएंसर द्वारा टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकालने पर 19 वर्षीय युवक की जान चली गई।

TikTok वीडियो के लिए बाघिन को पिंजरे से निकाल दिया बाहर (फोटो-@nouman_hassan47/X)
HighLights
इन्फ्लुएंसर ने टिकटॉक वीडियो के लिए बाघिन को पिंजरे से निकाला।
बाघिन के हमले में 19 वर्षीय कर्मचारी तलहा की मौत हुई।
पुलिस ने इन्फ्लुएंसर और फार्महाउस मालिक को गिरफ्तार किया।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के लाहौर से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सोशल मीडिया रील के लिए कंटेंट बनाने को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां एक इन्फ्लुएंसर ने टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए बाघिन को ही पिंजरे से निकाल दिया।
सोशल मीडिया के लिए बाघिन के साथ ये स्टंट करना इन्फ्लुएंसर को बहुत भारी पड़ गया, क्योंकि इस वीडियो को बनाने के चक्कर में एक किशोर की जान चली गई।
बाघिन ने ली 19 वर्षीय युवक की जान
'मैनचेस्टर इवनिंग न्यूज' के मुताबिक, यह घटना लाहौर के काहना इलाके में एक निजी फार्महाउस पर हुई। रिपोर्ट में बताया गया है कि कंटेंट क्रिएटर नौमान हसन ने टिकटॉक वीडियो बनाने के लिए बाघिन को पिंजरे से बाहर निकलवाया था।
बाघिन ने फार्महाउस के कर्मचारी 19 वर्षीय तलहा पर हमला कर दिया। बाघिन के हमले से युवक बुरी तरह घायल हो गया और तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका।
रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस ने फार्महाउस के मालिक फैयाज और इन्फ्लुएंसर नौमान हसन को गिरफ्तार कर लिया है। यह बाघिन फार्महाउस पर बने एक ब्रीडिंग सेंटर में रखी गई थी।
TikTok के शौक ने ले ली जान
लाहौर पुलिस के मुताबिक, शुरुआत में इन्फ्लुएंसर ने दावा किया था कि तलहा पर किसी कुत्ते ने हमला किया है, लेकिन जांच में मौत का असली कारण सामने आ गया।
लाहौर पुलिस ने कहा, 'टिकटॉक का शौक किसी इंसान की जान से बढ़कर नहीं हो सकता। किसी को भी अपने शौक या मनोरंजन के नाम पर किसी की जान खतरे में डालने की इजाजत नहीं दी जा सकती। तथ्यों को छिपाने की कोशिश और लापरवाही के हर पहलू की जांच की जाएगी।'
पुलिस ने आगे बताया, 'टिकटॉक वीडियो बनाने आए व्यक्ति की मौजूदगी में बाघिन बेकाबू हो गई और उसने फार्महाउस के एक कर्मचारी को गंभीर रूप से घायल कर दिया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।'
अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि क्या फार्महाउस के पास बाघिन को रखने की अनुमति थी और क्या वहां सुरक्षा के सभी नियमों का पालन किया गया था।
यह भी पढ़ें- पाकिस्तानी सेना ने 74 आतंकियों को मारने का किया दावा, बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में चला अभियान