पाकिस्तान में सिक्योरिटी चेक प्वाइंट पर बम ब्लास्ट, आत्मघाती हमले में 5 की मौत
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में एक सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती कार बम धमाका हुआ है। इस हमले में 5 लोगों की मौत हो गई और 13 अन्य घायल हो गए।

बलूचिस्तान में कार बम धमाका (फोटो-सोशल मीडिया)
HighLights
बलूचिस्तान में सुरक्षा चौकी पर आत्मघाती कार बम धमाका।
हमले में 5 लोगों की मौत, 13 अन्य घायल हुए।
मस्तुंग जिले के कांडा वा इलाके में हुई घटना।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत में सिक्योरिटी चेक प्वाइंट पर बम ब्लास्ट हुआ है। इस आत्मघाती कार बम धमाके में 5 लोगों की मौत हो गई है और 13 लोग घायल हो गए।
पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, यह हमला गुरुवार शाम को मस्तुंग जिले के कांडा वा इलाके में, N-25 नेशनल हाईवे पर हुआ। एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि गाड़ी फ्रंटियर कॉर्प्स (FC) की एक जांच चौकी से टकरा गई।
प्रतिबंधित बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने इस बम धमाके की जिम्मेदारी ली है। उन्होंने आत्मघाती हमलावर की पहचान ओसामा शाहवानी के रूप में की है और बताया कि वह 2022 में इस संगठन से जुड़ा था।
हालांकि, एक सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि 2024 में लापता लोगों के एक मामले में शाहवानी का नाम सामने आया था। अधिकारी का आरोप है कि यह घटना दर्शाती है कि BLA बलूच युवाओं को अपने संगठन में भर्ती कर रहा है और उनके ठिकाने के बारे में अधिकारियों को गुमराह करने की कोशिश कर रहा है।
बलूचिस्तान में बम ब्लास्ट
अधिकारी ने बताया कि हमले में मारे गए तीन आतंकवादियों में आत्मघाती हमलावर भी शामिल था, जबकि दो आम नागरिक भी मारे गए। घायलों में FC के जवान भी शामिल हैं।
हालांकि, बलूचिस्तान पुलिस के हवाले से 'डॉन' अखबार ने रिपोर्ट दी है कि कम से कम 16 लोग घायल हुए हैं, जिनमें सीमा सुरक्षा बलों के तीन जवान भी शामिल हैं।
घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पतालों में ले जाया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इस हमले की जांच कर रही हैं और यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि हमलावर का इस विद्रोही समूह से क्या संबंध था।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- TikTok वीडियो शूट करने के लिए बाघिन को निकाला पिंजरे से बाहर, पाकिस्तानी युवक की गई जान; इन्फ्लुएंसर गिरफ्तार