यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 02, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Audio Leak Controversy: मरियम नवाज ने इमरान पर साधा निशाना, कहा- सरकारी गोपनीयता कानून के तहत चले मुकदमा
Pakistan PM audio leak controversy ऑडियो लीक के बारे में बात करते हुए मरियम नवाज ने कहा कि लोग इमरान ...और पढ़ें

लाहौर, एजेंसी। पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज पीएमएल-एन नेताओं ने कहा कि पीटीआई के अध्यक्ष इमरान खान पर प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) से एक गोपनीय दस्तावेज (सिफर) चोरी करने के लिए गोपनीयता अधिनियम के तहत मुकदमा चलाया जाना चाहिए।
एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में, उन्होंने कहा कि संसद विचार-विमर्श के बाद इमरान खान और उनके उकसाने वालों के खिलाफ अनुच्छेद 6 को लागू करने का फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री कार्यालय का ऑडियो लीक एक गंभीर सुरक्षा उल्लंघन है। इमरान खान ने अपनी डायरी में इसे छिपाकर प्रधानमंत्री कार्यालय से गुप्त दस्तावेज चोरी कर लिया था।
पीएमएल-एन की उपाध्यक्ष मरियम नवाज ने कहा कि अमेरिका में कानून प्रवर्तन एजेंसियों ने ट्रंप के घर पर छापा मारा था और इसी तरह यहां भी किया जाना चाहिए और दस्तावेज की बरामदगी के लिए बनिगला की तलाशी ली जानी चाहिए।
इमरान को होना चाहिए था जेल
मरियम ने कहा कि वह देश की व्यवस्था पर हैरान थीं क्योंकि जिस व्यक्ति (इमरान) को जेल में होना चाहिए था, वह खुला घूम रहा है। इमरान खान अपनी जनसभाओं में इस मुद्दे पर बात कर जानबूझ कर चीफ ऑफ आर्मी स्टाफ (सीओएएस) की नियुक्ति को विवादास्पद बना रहे हैं।
मरियम ने कहा, 'कई निर्वाचित प्रधान मंत्री और तानाशाह आए लेकिन देशद्रोह का लेबल केवल इमरान खान को ही सूट करता है।'
ऑडियो लीक के बारे में बात करते हुए मरियम नवाज ने कहा कि लोग इमरान खान के ऑडियो को जितना ज्यादा सुनेंगे, उतना ही वे समझ पाएंगे कि उन्होंने कितनी बड़ी साजिश रची थी।
ऑडियो क्लिप में अमेरिकी कूटनीतिक संदेश पर किया चर्चा
बता दें कि शुक्रवार को जारी हुए एक ऑडियो क्लिप में पीटीआई नेताओं को अमेरिकी कूटनीतिक संदेश के बारे में चर्चा करते हुए सुना गया। इमरान खान और आजम खान इस क्लिप में इस पर चर्चा करते सुने गए कि इस कूटनीतिक संदेश का पूरा राजनीतिक लाभ कैसे उठाया जा सकता है। इसके पहले बुधवार को एक ऑडियो क्लिप लीक हुआ था, जिसमें इमरान खान आजम खान को कूटनीतिक संदेश को प्रचारित करने का आदेश देते सुने गए।
