विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पाकिस्तान का नक्शा बदलने की तैयारी में आसिम मुनीर, 12 नए प्रांत बनाने के विचारों पर छिड़ी सियासी जंग

Published: Thu, 26 Nov 2026 04:59 PM (GMT+05:30)

आसिम मुनीर के नेतृत्व में पाकिस्तान का राजनीतिक भूगोल बदलने की बहस तेज हो गई है, जिसमें मौजूदा चार प्रांतों को बढ़ाकर 12-15 नए प्रांत बनाने का विचार है।

पाकिस्तान में आसिम मुनीर की नई प्रांतों की योजना पर सियासी घमासान (फाइल फोटो)

पाकिस्तान में आसिम मुनीर की नई प्रांतों की योजना पर सियासी घमासान (फाइल फोटो)

HighLights

  1. सेना प्रमुख आसिम मुनीर पाकिस्तान का नक्शा बदलने की तैयारी में।

  2. चार प्रांतों को बढ़ाकर 12-15 नए प्रांत बनाने का प्रस्ताव।

  3. सिंध प्रांत ने इस विभाजन योजना का कड़ा विरोध किया।

डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान के सेना प्रमुख और चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज आसिम मुनीर के इर्द-गिर्द एक ऐसी बहस तेज हो गई है, जिसे केवल प्रशासनिक सुधार नहीं बल्कि देश के राजनीतिक भूगोल को फिर से नए सिरे से गढ़ने की बड़ी कवायद माना जा रहा है।

आसिम मुनीर के नेतृत्व वाले सत्ता-प्रतिष्ठान के पास पाकिस्तान का नक्शा फिर से बनाने के बड़े विचार हैं, जिनके केंद्र में पाकिस्तान में 1947 से चली आ रही चार प्रांतों की व्यवस्था को बदलना, प्रांतों की संख्या बढ़ाना और केद्र व प्रांतो के बीच फिर से सत्ता के संतुलन को तय करना शामिल है।

असमानताओं से जूझ रहे चारों प्रांत

पाकिस्तान में पंजाब, सिंध, खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान, ये चारों प्रांत लंबे समय से भारी जनसांख्यिकीय और भौगोलिक असमानताओं से जूझ रहे हैं। करीब 12.8 करोड़ की आबादी वाला पंजाब अकेले देश की लगभग आधी जनसंख्या का प्रतिनिधित्व करता है, जबकि सबसे बड़े भू-भाग वाले बलूचिस्तान की आबादी महज 1.5 करोड़ है।

इन असमानताओं के कारण प्रशासनिक सुस्ती, असमान प्रतिनिधित्व और सत्ता के केंद्रीकरण पर अक्सर सवाल उठते रहे हैं। अब इन विमर्शों में आसिम मुनीर के प्रभाव की चर्चा ने इस पूरे विषय को संवेदनशील और निर्णायक बना दिया है।

प्रांतों को बांटने के संभावित फॉर्मूले

मीडिया रिपोर्टों और राजनीतिक प्रस्तावों के अनुसार, पाकिस्तान में प्रांतों की संख्या 12 से 15 तक की जा सकती है। एक संभावित खाके में पंजाब को चार हिस्सों में, सिंध को दो हिस्सों में व खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को तीन-तीन हिस्सों में बांटने की बात कही जा रही है।

वहीं, अन्य प्रस्तावों में पंजाब को तीन हिस्सों में बांटने, खैबर पख्तूनख्वा के पश्तून-बहुल क्षेत्रों से हजारा को अलग करने, बलूचिस्तान को दो हिस्सों में बांटने और कराची, कई बार ग्वादर, को सीधे संघीय प्रशासन के तहत लाने जैसे विचार सामने आए हैं।

एक वैकल्पिक विचार यह भी है कि प्रांतीय सीमाओं को छेड़े बिना लगभग 160 जिलों में स्थानीय सरकारों को ज्यादा शक्तियां दी जाएं। सत्ता के गलियारों में इस पूरी कवायद के पीछे बेहतर सेवाएं, शिक्षा और स्वास्थ्य तक आसान पहुंच और ज्यादा जवाबदेह शासन व्यवस्था जैसे तर्क दिए जा रहे हैं।

योजना मंत्री अहसान इकबाल और गृह मंत्री मोहसिन नकवी ने इस बहस को राजनीतिक समर्थन दिया है, जबकि रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के संकेतों के मुताबिक 2026 के अंत तक कोई स्पष्ट प्रस्ताव सामने आ सकता है, जिससे 2027 की शुरुआत में कदम आगे बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

बंटने का राजनीतिक पार्टियों पर पडे़गा असर

भले ही आसिम मुनीर ने सार्वजनिक रूप से कोई औपचारिक नक्शा पेश नहीं किया हो, लेकिन इस पूरे घटनाक्रम को उनके नेतृत्व वाले सैन्य प्रतिष्ठान की सोच से जोड़कर देखा जा रहा है। पाकिस्तान के संदर्भ में सीमाओं का पुनर्निर्धारण केवल नक्शे की लकीरें बदलने तक सीमित नहीं रहता; यह राजनीतिक ताकत, जातीय पहचान, आर्थिक संसाधनों और संवैधानिक अधिकारों से सीधे जुड़ जाता है।

विश्लेषकों के बीच यह चिंता गहरा रही है कि छोटे प्रांत बनने से स्थापित राजनीतिक गढ़ कमजोर पड़ सकते हैं, विशेषकर पंजाब में पीएमएल-एन (PML-N) और सिंध में पीपीपी (PPP) का प्रभाव। टुकड़ों में बंटे राजनीतिक हलके और नए सत्ता-केंद्र बनने से संघीय प्रतिष्ठान को प्रांतीय प्रशासन और संसाधनों के बंटवारे पर अधिक प्रभाव जमाने का अवसर मिल सकता है।

ऐसे में बड़ा सवाल यही है कि क्या यह कदम वाकई प्रशासनिक सुधार है या फिर 'राजनीतिक पुनर्रचना' के जरिए सत्ता को केंद्रित करने की रणनीति।

सिंध की तीखी प्रतिक्रिया और संवैधानिक पेंच

किसी भी सीमा-परिवर्तन के रास्ते में संवैधानिक अड़चनें सबसे बड़ी हैं। पाकिस्तान में अनुच्छेद 239 के तहत संवैधानिक संशोधन के लिए संसद के दोनों सदनों में दो-तिहाई बहुमत के साथ-साथ संबंधित प्रांत की विधानसभा की दो-तिहाई मंजूरी भी आवश्यक है।

इसी वजह से सिंध इस टकराव के केंद्र में आ गया है। 3 सितंबर 2026 को सिंध विधानसभा ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित कर प्रांत के विभाजन, नए प्रांत के गठन या किसी हिस्से को संघीय नियंत्रण में देने का विरोध किया।

मुख्यमंत्री मुराद अली शाह और बिलावल भुट्टो-जरदारी सहित पीपीपी नेताओं ने स्पष्ट किया है कि सिंध की क्षेत्रीय अखंडता से समझौता नहीं होगा और कराची व हैदराबाद जैसे शहरों में जबरन विभाजन की कोशिश से तनाव व हिंसा भड़क सकती है।

कराची के आर्थिक महत्व के कारण इसे अलग करने का विचार सबसे अधिक संवेदनशील माना जा रहा है, वहीं सिंधी राष्ट्रवादी समूहों के विरोध और सिंधुदेश या आर्थिक नाकेबंदी जैसी धमकियों ने स्थिति को और जटिल बना दिया है। खैबर पख्तूनख्वा के कुछ हिस्सों में भी सिंध के रुख को समर्थन मिला है, जबकि एमक्यूएम-पी (MQM-P) जैसे दल सशक्त स्थानीय निकायों की बात करते हैं।

जोखिम, खर्च और अनसुलझे सवाल

प्रांतीय पुनर्गठन से संघवाद की बुनियाद कमजोर होने, बलूचिस्तान व केपी की सुरक्षा चुनौतियों के और गहराने तथा नई राजधानियों, विधानसभाओं और प्रशासनिक तंत्र पर हर साल अरबों रुपये के अतिरिक्त खर्च का जोखिम भी जताया जा रहा है।

इतिहास में पहले भी छोटे प्रांतों के विचार आते रहे हैं, लेकिन बिना व्यापक राजनीतिक सहमति और संवैधानिक प्रक्रिया के आगे बढ़ने पर यह कदम प्रशासनिक सुधार के बजाय गहरे राजनीतिक टकराव को जन्म दे सकता है। फिलहाल न तो कोई आधिकारिक नक्शा सामने आया है और न ही सहमति बनी है, जिससे यह बहस पाकिस्तान की सियासत और संघीय भविष्य की सबसे बड़ी कसौटी बनी हुई है।

यह भी पढ़ें- पाकिस्तान को 12 टुकड़ों में बांटने की तैयारी, नए प्रांत बनाने के प्रस्ताव को मंत्रियों का समर्थन; सिंध के बंटवारे को लेकर विरोध

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।