विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कनाडा के बिजनेसमैन और उनकी पार्टनर की हत्या के मामले में दो अमेरिकियों को उम्रकैद, डोमिनिका में सुनाई गई सजा

Published: Tue, 24 Nov 2026 09:56 AM (IST)

कैरेबियाई देश डोमिनिका की अदालत ने कनाडाई टेक व्यापारी डैनियल लैंगलोइस और उनकी पार्टनर की हत्या के मामले में दो अमेरिकी नागरिकों को दोहरी उम्रकैद की सजा सुनाई है। 

दो अमेरिकी नागरिकों को दोहरी उम्रकैद की सजा।  (फोटो- सोशल साइट X/@CBCBARBADOS)

दो अमेरिकी नागरिकों को दोहरी उम्रकैद की सजा। (फोटो- सोशल साइट X/@CBCBARBADOS)

HighLights

  1. कनाडाई टेक व्यापारी डैनियल लैंगलोइस और पार्टनर की डोमिनिका में हत्या।

  2. दो अमेरिकी नागरिकों को अदालत ने सुनाई दोहरी उम्रकैद की सजा।

  3. जज ने हत्या को 'दुर्लभ से भी दुर्लभ' हमला करार दिया।

डिजिटल डेस्क, रोसेउ। कैरेबियाई देश डोमिनिका की एक अदालत ने साल 2023 में हुए कनाडाई बिजनेसमैन डैनियल लैंगलोइस और उनकी पार्टनर डोमिनिक मार्चंड की हत्या मामले में ऐतिहासिक फैसला सुनाया।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक राजधानी रोसेउ की अदालत ने सोमवार को दो अमेरिकी नागरिकों जोनाथन लेहरर और रॉबर्ट स्नाइडर जूनियर को दो-दो बार उम्रकैद की सजा सुनाई है।

जज ने इन हत्याओं को 'बिना किसी उकसावे के किया गया हमला' बताया और कहा कि यह मामला 'दुर्लभ से भी दुर्लभ' (रेयरेस्ट ऑफ द रेयर) की श्रेणी में आता है।

दोनों दोषियों को हत्याओं के कुछ दिन बाद ही गिरफ्तार कर लिया गया था और इस साल 28 जुलाई को अदालत ने उन्हें दोषी ठहराया था। हालांकि, दोषियों के वकील ने इस फैसले के खिलाफ अपील करने की बात कही है।

क्या था पूरा मामला?

डैनियल लैंगलोइस ने मॉन्ट्रियल स्थित 'सॉफ्टइमेज' नाम की कंपनी की स्थापना की थी। यह कंपनी अपनी 3D एनीमेशन तकनीक के लिए जानी जाती है। जिसका इस्तेमाल 'जुरासिक पार्क', 'द मैट्रिक्स' और 'टाइटैनिक' जैसी बड़ी हॉलीवुड फिल्मों में किया गया है।

वह और उनकी पार्टनर मार्चंड दक्षिणी डोमिनिका में 'कौलीबरी रिज'नाम के एक इको-रिसॉर्ट के मालिक भी थे। यह जोड़ा कई दिनों से लापता था। 1 दिसंबर 2023 को रिसॉर्ट के पास गैलियन इलाके में एक जली हुई कार के अंदर उनके शव मिले।

न्यू जर्सी में जन्मे चॉकलेट निर्माता लेहरर की जमीन रिसॉर्ट के बगल में थी, जबकि मैकेनिक स्नाइडर उनके लिए काम करता था।

अदालती दस्तावेजों के मुताबिक, लेहरर और लैंगलोइस के बीच रिसॉर्ट तक जाने वाली एक सड़क को लेकर वर्षों से विवाद चल रहा था, जो लेहरर की जमीन से होकर गुजरती थी और रिसॉर्ट तक जाने का रास्ता थी।

साल 2019 में, एक जज ने लेहरर को आदेश दिया था कि वह इस सड़क को आम लोगों के लिए खुला रखे और यह सुनिश्चित करे कि लैंगलोइस के पास आने वाले लोग बिना किसी रोक-टोक के इसका इस्तेमाल कर सकें।

हालांकि, लेहरर के परिवार के प्रतिनिधियों ने इस बात से इनकार किया है कि सड़क को लेकर चल रहा विवाद इन हत्याओं की वजह था।

करीब तीन साल बाद स्वदेश पहुंचीं अस्थियां

पिछले हफ्ते परिवार की प्रवक्ता सिल्वी डेस्लौरियर्स ने लैंगलोइस की मां की ओर से एक भावुक बयान जारी किया। इसमें बताया गया कि हाल ही में डैनियल की अस्थियां कनाडा वापस लाई गई हैं और उनकी मौत के लगभग तीन साल बाद परिवार उन्हें अंतिम विदाई दे सका है।

यह भी पढ़ें- कनाडाई पीएम मार्क कार्नी ने ट्रंप को किया रोस्ट, कॉमेडियन ने मंच पर उतारी नकल

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।