Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

ट्रंप-किम शिखर वार्ता: आज हनोई में लिखा जा सकता है दोस्ती का नया इतिहास

ट्रंप ने साफ कर दिया कि परमाणु निशस्त्रीकरण के बदले वह उत्तर कोरिया को शांति और विकास की गारंटी देने को तैयार हैं।

By Bhupendra SinghEdited By: Updated: Thu, 28 Feb 2019 12:11 AM (IST)
Hero Image
ट्रंप-किम शिखर वार्ता: आज हनोई में लिखा जा सकता है दोस्ती का नया इतिहास

हनोई, रायटर/एएफपी। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के सर्वोच्च नेता किम जोंग उन की बहुप्रतीक्षित मुलाकात बुधवार देर शाम हुई। किम जोंग के साथ वार्ता और डिनर के बाद ट्रंप ने ट्वीट किया- महान मुलाकात और बहुत अच्छी वार्ता। वाशिंगटन में व्हाइट हाउस ने बयान जारी कर कहा, दोनों नेता गुरुवार को वार्ता के बाद संयुक्त सहमति पत्र पर दस्तखत करने की योजना बना रहे हैं। वार्ता से पहले ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था- मेरे दोस्त किम के लिए शानदार मौका। ट्रंप ने साफ कर दिया कि परमाणु निशस्त्रीकरण के बदले वह उत्तर कोरिया को शांति और विकास की गारंटी देने को तैयार हैं। चीन ने कोरियाई प्रायद्वीप में शांति के लिए वार्ता को महत्वपूर्ण बताया है।

दोनों नेता डिनर पर वियतनाम की राजधानी हनोई में फ्रांसीसी उपनिवेश काल की इमारत में चल रहे मेट्रोपोल होटल में मिले। दोनों ने मुस्कुराते हुए हाथ मिलाकर वार्ता की सफलता के प्रति आशा जताई। जून 2018 में सिंगापुर में हुई मुलाकात के बाद दोनों नेताओं की यह दूसरी मुलाकात है। सिंगापुर में दोनों नेताओं के बीच कोरियाई प्रायद्वीप से परमाणु निशस्त्रीकरण और स्थायी शांति के लिए मिलकर प्रयास करने की सहमति बनी थी।

ट्रंप और किम जोंग के बीच बनी समझ का परिणाम है कि उत्तर कोरिया ने करीब नौ महीने से परमाणु हथियार या बैलेस्टिक मिसाइल का कोई परीक्षण नहीं किया। दोनों पक्षों की ओर से कोई तीखा बयान नहीं आया। इस बीच उत्तर कोरिया ने अपने परमाणु परीक्षण स्थल को ध्वस्त करने का कार्य भी किया। दोनों देशों के रिश्ते में 70 साल से बना तनाव काफी हद तक कम हुआ।

बुधवार को शिखर वार्ता से पूर्व ट्रंप ने वार्ता के बहुत सफल होने की आशा जताई, लेकिन क्या वह उत्तर कोरिया की परमाणु निशस्त्रीकरण की शर्त से पीछे हटेंगे, जवाब में ट्रंप ने दो टूक कहा- नहीं। जबकि किम जोंग ने कहा, इस मुलाकात में दोनों देशों के बीच पूर्व में बनी सहमति को पूरा करने में आ रहे अवरोधों को खत्म किया जाएगा। किम ने कहा कि वह वार्ता को सफल बनाने के लिए अपनी तरफ से हर संभव प्रयास करेंगे। दोनों नेताओं की वार्ता गुरुवार को भी होगी।

डिनर से पहले 20 मिनट की एकांत वार्ता

रात्रिभोज से पहले ट्रंप और किम जोंग ने 20 तक अकेले में वार्ता की। ऐसी ही वार्ता उन्होंने सिंगापुर में भी की थी। इस एकांत वार्ता के बाद दोनों नेताओं के साथ अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोंपियो, ट्रंप की कार्यकारी चीफ ऑफ स्टाफ मिक मलवेनी, उत्तर कोरिया के मुख्य दूत किम जोंग चोल और वहां के विदेश मंत्री री योंग हो भी आए। कुछ देर की वार्ता के बाद उन्होंने साथ डिनर किया।