युगांडा में 15 साल में 38 लोगों को मारकर खा गया 'नरपिशाच', आर्मी चीफ बोले- मौत की सजा देंगे
युगांडा में सुरक्षा बलों ने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर 15 वर्षों में 38 लोगों की हत्या कर उनका मांस खाने का आरोप है।

युगांडा में 38 लोगों को मारकर खाने वाला नरभक्षी गिरफ्तार(फोटो: सोशल मीडिया)

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, कंपाला। युगांडा के सुरक्षा बलों ने एक ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जिस पर पिछले 15 वर्षों के दौरान 38 लोगों की हत्या कर उनका मांस खाने का गंभीर आरोप है।
देश के चीफ ऑफ डिफेंस फोर्सेज के जनरल मुहूजी काइनेरुगाबा ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर गिरफ्तारी की जानकारी दी है।आरोपी की पहचान मुजुरिजी मोसेस के रूप में हुई है, जिस पर 2010 से 2025 के बीच मसाका, इबांडा और काजो जिलों में जघन्य अपराधों को अंजाम देने का आरोप है।
सैन्य प्रमुख ने क्या कहा?
जनरल काइनेरुगाबा ने आरोपी को युगांडा के इतिहास का सबसे क्रूर सीरियल किलर और आदमखोर करार दिया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि सुरक्षा बलों ने मुजुरिज़ी मोसेस को पकड़ने में सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि आरोपी ने 15 वर्षों में 38 लोगों को मौत के घाट उतारा और उनका मांस खाया। सैन्य प्रमुख ने यह भी कहा कि आरोपी पर अदालत में खुला और सार्वजनिक मुकदमा चलाया जाएगा और उसे मौत की सजा दिलाई जाएगी।
हत्या करने का खौफनाक तरीका
जांचकर्ताओं के अनुसार, मोसेस बेहद क्रूरता से वारदातों को अंजाम देता था। वह अक्सर पूरे-पूरे परिवारों को निशाना बनाता था, रात में घरों में घुसकर धारदार हथियारों से लोगों पर हमला करता था।
उसके गिरोह ने कथित तौर पर पादरी स्टीवन मुगाम्बे के घर की दीवार काटकर अंदर प्रवेश किया और घर के सभी सदस्यों की हत्या कर दी।
कुछ अन्य मामलों में, आरोपी पर यह भी आरोप है कि वह लोगों को प्रेम प्रसंग या संबंधों का झांसा देकर फंसाता था और बाद में उनकी हत्या कर देता था।
पहले भी कई बार बच निकला था आरोपी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, मोसेस को पूर्व में भी कई बार पकड़ा गया था, लेकिन विवादित परिस्थितियों में वह या तो हिरासत से भाग निकला या रिहा हो गया। ताजा गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने उसके ठिकाने से अहम भौतिक साक्ष्य बरामद किए हैं।
स्थानीय पुलिस और जांच अधिकारी अब इलाके के कई पुराने अनसुलझे मामलों, हत्या की फाइलों और लापता लोगों के रिकॉर्ड की दोबारा पड़ताल कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या वे मामले भी इसी आरोपी से जुड़े हैं।
हालांकि, आरोपी पर लगाए गए इन सभी आरोपों की पुष्टि कानूनी प्रक्रिया और अदालत की सुनवाई के जरिए ही तय होगी।
यह भी पढ़ें- पत्रकार के हाथ में युगांडा के टोरो साम्राज्य की कमान, 1993 में बहाल हुई थी राजशाही
यह भी पढ़ें- उत्तम नगर में अवैध रूप से रह रहीं थी युगांडा की दो महिलाएं, नहीं दिखा सकीं वीजा-पासपोर्ट; डिटेंशन सेंटर भेजा
