विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 27, 2024 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

127 मिसाइलों और 109 ड्रोन से दहला कीव, रूस ने यूक्रेन पर बोला अब तक का भीषण हमला; पोलैंड में भी अलर्ट

By Agency Edited By: Sonu Gupta
Published: Tue, 27 Aug 2024 12:07 AM (IST)

Russia Ukraine war रूस ने एक बार फिर से यूक्रेन को मिसाइलों और ड्रोन से निशाना बनाया। इस बार रूस ...और पढ़ें

यूक्रेन पर रूसी ड्रोन और मिसाइलों की बौछार। फोटोः रायटर।
यूक्रेन पर रूसी ड्रोन और मिसाइलों की बौछार। फोटोः रायटर।

HighLights

  1. यूक्रेन पर रूसी ड्रोन और मिसाइलों की बौछार
  2. यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को बड़ा नुकसान

रायटर, कीव। रूस ने सोमवार सुबह यूक्रेन पर बड़ा हमला किया। 127 मिसाइलों और 109 हमलावर शाहेद ड्रोन से किया गया यह हमला ढाई वर्ष के युद्ध में यूक्रेन के शहरों पर किए सबसे बड़े हमलों में शामिल है। ताजा हमले में पांच लोग मारे गए हैं, दर्जनों घायल हुए हैं और यूक्रेन की नेशनल ग्रिड को नुकसान हुआ है। इससे देश के बड़े इलाके में बिजली और पानी की आपूर्ति प्रभावित हुई है।

यूक्रेन पर रूस का बड़ा हमला

यह हमला रूस के सारातोव और एंगेल्स शहरों पर यूक्रेन के ड्रोन हमलों के बाद हुआ है। विदित हो कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने युद्ध रुकवाने की कोशिश में तीन दिन पहले ही यूक्रेन का किया था। रूस का हवाई हमला यूक्रेन की राजधानी कीव, दूसरे बड़े शहर खार्कीव, बंदरगाह शहर ओडेसा, लवीव सहित 15 क्षेत्रों में हुआ। यूक्रेन के शहर क्रैमेटो‌र्स्क के एक होटल में ठहरे ब्रिटिश पत्रकारों के दल में शामिल रेयान इवांस की रूसी मिसाइल हमले में मौत हो गई और दो लोग घायल हुए हैं।

हाइपरसोनिक मिसाइलों से रूस ने बोला हमला

रूसी हमले में कई तरह की मिसाइलों का इस्तेमाल किया गया, इनमें हाइपरसोनिक मिसाइलें भी शामिल थीं। बताया गया है कि इन्हें अधिक ऊंचाई पर उड़ने वाले बमवर्षक विमानों और काला सागर में मौजूद रूसी युद्धपोतों से छोड़ा गया। यूक्रेनी सेना ने ज्यादातर मिसाइलों और ड्रोनों को आकाश में ही नष्ट करने का दावा किया है। यह हमला तब हुआ है जब यूक्रेनी सेना ने रूस के दक्षिणी कु‌र्स्क के करीब 1,200 वर्ग किलोमीटर इलाके पर कब्जा कर लिया है जबकि रूसी सेना पूर्वी यूक्रेन में आगे बढ़ते हुए ट्रांसपोर्ट हब पोकरोव्स्क तक पहुंच गई है।

रूस के हमले के बाद जेलेंस्की ने क्या कहा?

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने कहा है कि ताजा हमले में डरपोक लोगों ने नागरिक सुविधाओं को निशाना बनाया है, जिससे आमजनों की कठिनाइयां बढ़ें। हमले में यूक्रेन के ऊर्जा क्षेत्र को बड़ा नुकसान हुआ है। इसी के साथ यूक्रेन ने सहयोगी देशों से लंबी दूरी तक मार करने वाली मिसाइलें मांगी हैं जिनसे वह रूस के अंदरूनी भागों में हमला कर सके।

अभी यूक्रेन रूस के अंदरूनी भागों में राकेट और ड्रोन से हमले करता है। यूक्रेन से लगने वाली सीमा के नजदीक हुए रूसी हमलों से सतर्क हुए पोलैंड ने कहा है कि रूस के किसी भी दुस्साहस का जवाब देने के लिए नाटो के लड़ाकू विमान तैयार हैं।

रूस में 38 मंजिला भवन से ड्रोन टकराया, महिला घायल

रूस के सातारोव क्षेत्र में सोमवार को कुछ वैसा ही ड्रोन हमला हुआ जैसा कि सन 2001 में न्यूयॉर्क के व‌र्ल्ड ट्रेड सेंटर पर हुआ था। रूसी शहर में आकाश में उड़ता ड्रोन नीचे आया और 38 मंजिला रिहायशी इमारत से जा टकराया,  लेकिन रूस में हुए हमले में न्यूयॉर्क हमले जैसा जान-माल का भारी नुकसान नहीं हुआ है। सातारोव में हुए हमले में एक महिला घायल हुई जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

रूसी न्यूज साइट शाट के टेलीग्राम पर पोस्ट किए गए वीडियो में दिखाई दे रहा है कि ड्रोन आकर इमारत के ऊपरी हिस्से से टकराया जिससे तीन मंजिलों की कई खिड़कियों के टुकड़े और मलबा नीचे खड़ी कारों पर जा गिरा। इससे करीब दो दर्जन कारों को नुकसान होने की सूचना है।

रूसी रक्षा मंत्रालय का आया बयान

रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि सातारोव क्षेत्र में सोमवार को कुल नौ यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए गए। इसी प्रकार से एंगेल्स में भी ड्रोन नष्ट किए गए हैं। इन ड्रोन हमलों और उन्हें नष्ट करने की कार्रवाई के चलते कई घंटे तक क्षेत्र में विमानों का आवागमन रुका रहा। दोनों इलाके यूक्रेनी सीमा से करीब 900 किलोमीटर की दूरी पर हैं। एंगेल्स में रूसी बमवर्षक विमानों का बड़ा अड्डा है जिस पर ड्रोन हमले की यूक्रेन कई बार कोशिश कर चुका है।

 इस बीच रूस के सबसे बड़े ओम्स्क तेलशोधक कारखाने में लगी आग में सात लोगों के बुरी तरह से झुलसने की सूचना है। आग को नियंत्रित कर लिया गया है और उत्पादन कार्य सुचारू है। तेज आवाज के साथ कारखाने में आग लगने का कारण नहीं बताया गया है।

यह भी पढ़ेंः

'जम्मू-कश्मीर को दिल्ली से चलाना समझदारी नहीं', अपनी शादी के सवाल पर कश्मीरी छात्राओं से क्या बोले राहुल?

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।