विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पेरू में विदाई सभा के दौरान पोप लियो की आंख के पास लगी फेंकी गई रोजरी माला, टूटा शानदार कैच पकड़ने का सिलसिला

Published: Tue, 17 Nov 2026 08:06 AM (IST)

पेरू में विदाई प्रार्थना सभा के दौरान 71 वर्षीय पोप लियो की आंख के पास भीड़ से फेंकी गई एक वस्तु (संभवतः प्रार्थना माला) लग गई।

HighLights

  1. पेरू में विदाई सभा के दौरान पोप लियो को चोट लगी।

  2. भीड़ से फेंकी गई वस्तु (प्रार्थना माला) आंख के पास लगी।

  3. 71 वर्षीय पोप लियो ने अपना दौरा जारी रखा।

डिजिटल डेस्क, लीमा। दक्षिण अमेरिका की अपनी 12 दिवसीय यात्रा के समापन के दौरान सोमवार को पेरू में एक विदाई प्रार्थना सभा के बीच एक अप्रत्याशित घटना देखने को मिली।

अपने फुर्तीलेपन के चलते भीड़ से फेंकी गई चीजों को लपकने के लिए मशहूर 71 साल के पोप लियो इस बार चूक गए और भीड़ के ओर से फेंकी गई एक वस्तु (संभवतः प्रार्थना माला) उनकी आंख के पास लग गई।

न्यूज एजेंसी रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक यह घटना उस समय हुई जब पोप लीमा के एक एयरबेस पर अपने विशेष वाहन पोपमोबाइल में सवार होकर रोम लौटने की तैयारी से पहले वहां जमा हजारों श्रद्धालुओं का अभिवादन कर रहे थे।

कैमरे में कैद हुई घटना

यह पूरी घटना कैमरे में कैद हुई है। सामने आई तस्वीरों और वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि प्रार्थना सभा के रास्ते से गुजरते समय भीड़ में से किसी श्रद्धालु ने पोप के आशीर्वाद के लिए एक वस्तु उनकी ओर फेंकी। पोप उसे पकड़ नहीं पाए और वह सीधे उनके चेहरे पर आंख के पास लगी, जिसके तुरंत बाद वे अपनी आंख मलते हुए नजर आए।

हालांकि इस घटना के बाद भी पोप ने अपना दौरा जारी रखा और उनकी तरफ से ऐसा कोई संकेत नहीं मिला कि उन्हें कोई चोट लगी है। अपने उपदेश में उन्होंने पेरू के लोगों को उनकी मेहमाननवाजी के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने पेरू की अपनी छह दिवसीय यात्रा के दौरान देश को अपना गृह देश भी कहा।

पहले भी चूक चुके हैं पोप लियो

71 साल के पोप लियो टेनिस खेलने के शौकीन हैं और अपनी उम्र के लिहाज से काफी चुस्त-दुरुस्त माने जाते हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों के दौरान श्रद्धालुओं द्वारा उनकी ओर फेंकी जाने वाली वस्तुओं को फुर्ती से पकड़ने के उनके कई वीडियो चर्चा में रहे हैं।

हालांकि यह पहली बार नहीं है जब वे कैच पकड़ने की कोशिश में चूके हों। रोम में हुए एक पिछले कार्यक्रम के दौरान जब वे अपनी ओर फेंकी गई किसी चीज को पकड़ने की कोशिश कर रहे थे, तब वे गलती से वेटिकन के वीडियोग्राफर से टकरा गए थे। इसके लिए उन्होंने उनसे माफी भी मांगी थी। उस बार भी वे उस चीज को पकड़ने में चूक गए थे। 

यह भी पढ़ें- पोप लियो को हुआ लंग कैंसर, सर्जरी कर निकाला गया दाहिने फेफड़े का हिस्सा

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।