'भारतीय नाविकों की सुरक्षा बहुत जरूरी', डोनल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक में बोले पीएम मोदी
फ्रांस के एवियन में पीएम नरेंद्र मोदी और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस बैठक में ...और पढ़ें
HighLights
पीएम मोदी और ट्रंप ने एवियन में द्विपक्षीय वार्ता की।
मोदी ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को अहम बताया।
यह बैठक फ्रांस के एवियन शहर में हुई।
डिजिटल डेस्क, एवियन। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को फ्रांस में जी7 शिखर सम्मेलन के दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ द्विपक्षीय बैठक की।
इस बैठक में समुद्री सुरक्षा, भारतीय नाविकों की सुरक्षा और वैश्विक शिपिंग मार्गों को खुला रखने के मुद्दे पर विस्तार से चर्चा हुई। यह 16 महीनों से अधिक समय बाद दोनों नेताओं के बीच हुई पहली औपचारिक द्विपक्षीय बैठक है।
नाविकों की सुरक्षा पर जोर
पीएम मोदी ने बैठक में कहा कि लाखों भारतीय नाविक दुनियाभर पर काम कर रहे हैं और पश्चिम एशिया में चल रहे घटनाक्रमों के बीच उनकी सुरक्षा भारत की पहली प्राथमिकता है।
पीएम मोदी ने जोर देकर कहा, 'होर्मुज जलडमरूमध्य को खुला रखना वैश्विक अर्थव्यवस्था के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।' पीएम मोदी ने उम्मीद जताई कि अमेरिका और ईरान के बीच शांति समझौते में नाविकों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी।
बैठक के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने पश्चिम एशिया में शांति बहाल करने के प्रयासों के लिए राष्ट्रपति ट्रंप की सराहना की। उन्होंने कहा, 'पश्चिम एशिया में शांति लाने की उम्मीद जगाने के लिए धन्यवाद। आपके नेतृत्व में हुई प्रगति सराहनीय है।'
बहुत अच्छी बातचीत हुई: ट्रंप
ट्रंप ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के साथ उनकी 'बहुत अच्छी' बैठक हुई। दोनों देश द्विपक्षीय व्यापार समझौतों पर सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि दोनों देशों की टीमें साझा लक्ष्यों को हासिल करने के लिए मिलकर काम कर रही हैं और भारत-अमेरिका संबंधों में नई गति तथा ऊर्जा देखने को मिल रही है।
ओमान तट पर भारतीय नाविकों की मौत
बता दें, इस महीने की शुरुआत में ओमान के तट पर वाणिज्यिक जहाजों पर हुए अमेरिकी सैन्य हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत हो गई थी। प्रधानमंत्री मोदी ने इस मुद्दे को ट्रंप के सामने उठाया। ट्रंप ने शोक व्यक्त करते हुए कहा, 'मैंने इसके बारे में सुना। यह एक कठिन पेशा है। हम इस पर मिलकर काम करते हैं। वे बहुत अच्छे लोग थे।'
