विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

फिलीपींस में ट्रेनिंग के दौरान हवा में आपस में टकराए वायुसेना के दो विमान, 4 पायलटों की मौत

Published: Sat, 24 Oct 2026 01:21 PM (IST)Updated: Sat, 24 Oct 2026 01:26 PM (IST)

फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण में एक एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना के दो SF-260 विमान ...और पढ़ें

HighLights

  1. फिलीपींस में प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दो विमान दुर्घटनाग्रस्त।

  2. हादसे में वायुसेना के चार पायलटों की जान गई।

  3. सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक लगाई।

डिजिटल डेस्क, मनीला। फिलीपींस की राजधानी मनीला के दक्षिण में एक एयर बेस पर प्रशिक्षण उड़ान के दौरान वायुसेना के दो विमान आपस में टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गए। सेना ने शनिवार को जानकारी दी कि हादसे में चार सैन्य पायलटों की जान चली गई है।

फिलीपींस वायुसेना (पीएएफ) के आधिकारिक बयान के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार को बटांगस प्रांत स्थित फर्नांडो एयर बेस पर नियमित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान हुआ।

हादसे का शिकार हुए दोनों विमान SF-260 मॉडल के ट्रेनर एयरक्राफ्ट थे। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, उड़ान भरते समय दोनों विमान हवा में ही आपस में टकरा गए। विमान एयर बेस परिसर के भीतर ही गिरे, जिससे जमीन पर किसी अन्य व्यक्ति को नुकसान नहीं पहुंचा।

जांच पूरी होने तक सभी SF-260 विमानों की उड़ान पर रोक

हादसे के तुरंत बाद फिलीपींस वायुसेना ने अपने सभी SF-260 प्रशिक्षण विमानों के बेड़े की उड़ानों पर अस्थायी रूप से रोक (ग्राउंड) लगा दी है। वायुसेना के अधिकारियों का कहना है कि जब तक दुर्घटना के सटीक कारणों की गहन जांच पूरी नहीं हो जाती, तब तक ये विमान उड़ान नहीं भरेंगे।

SF-260 विमानों से जुड़ा यह कोई पहला हादसा नहीं है। इससे पहले भी इस मॉडल के विमान हादसों का शिकार हो चुके हैं, मई में उत्तरी फिलीपींस के पहाड़ी इलाके में एक SF-260 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसमें दो पायलट मारे गए थे।

वहीं, साल 2023 में एक ट्रेनिंग फ्लाइट के दौरान SF-260 TP मार्चेटी विमान हादसे का शिकार हुआ था, जिसमें दो पायलटों की जान गई थी।

युद्ध अभियानों में भी निभाई है भूमिका

SF-260 विमान केवल पायलटों के बुनियादी प्रशिक्षण के लिए ही नहीं, बल्कि सैन्य अभियानों में भी इस्तेमाल होते रहे हैं। साल 2017 में जब इस्लामिक स्टेट (एसआई) से जुड़े आतंकियों ने दक्षिणी शहर मारावी पर कब्जा कर लिया था, तब महीनों चले सैन्य अभियान और हवाई हमलों में फिलीपींस सेना ने इन SF-260 विमानों का सक्रिय रूप से उपयोग किया था।

यह भी पढ़ें- ICC द्वारा वांछित सीनेटर पर फिलीपींस ने घोषित किया इनाम, मानवता के खिलाफ अपराध का है आरोप

यह भी पढ़ें- फिलीपींस की क्यूरिटा बनेंगी मेरठी अंशुल की दुल्हनियां, हांगकांग में हुई थी मुलाकात... फिर यूं बढ़ी बात